national
VIDEO: कबाब, चिकन टिक्का या दाल-चावल... जानिए सोनिया गांधी को कौन-से भारतीय पकवान हैं पसंद

दिवाली से पहले सोनिया गांधी ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा और नातिन मिराया वाद्रा के साथ एक वीडियो शूट किया था. यह वीडियो दिल्ली में उनके आवास 1, सफदरजंग रोड पर बनाया गया, जो कभी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का आधिकारिक आवास हुआ करता था. सोनिया गांधी ने बुधवार को यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर साझा किया.
गुजराती और बंगाली खाना है पसंद
वीडियो में सोनिया गांधी ने अपने पसंदीदा भारतीय व्यंजनों के बारे में बातचीत की. उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय खाना बहुत पसंद है. खासतौर पर बंगाली और गुजराती व्यंजन उन्हें अच्छे लगते हैं. उन्होंने कहा, ''मुझे भारतीय खाना पसंद है. मुझे बंगाली खाना भी बहुत अच्छा लगता है. आप विश्वास नहीं करेंगे, लेकिन मुझे सूरत का गुजराती खाना भी बेहद पसंद है.''
सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह पहली बार भारत आई थीं, तब यहां के खानपान और मसालों के स्वाद का आदी होने में उन्हें थोड़ा समय लगा. शुरुआत में मसालेदार खाना उनके लिए मुश्किल था. उस समय उन्हें खाना बनाना भी नहीं आता था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने भारतीय व्यंजन बनाना सीख लिया.
कबाब से लेकर दाल मखनी तक पसंदीदा व्यंजन
सोनिया गांधी ने अपने पसंदीदा खाने में कबाब, चिकन टिक्का, तंदूरी चिकन, दाल मखनी और कश्मीरी कोफ्ता का नाम लिया. इसके अलावा उन्हें कश्मीर का पारंपरिक साग 'हाक' भी पसंद है.
बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने बताया कि उनके घर में रोजाना दाल-चावल बनता है. इस पर सोनिया गांधी ने कहा कि जब से वह इस घर में आई हैं, तब से उनके यहां अरहर की दाल ही बनती है. दूसरी किसी दाल का इस्तेमाल नहीं किया जाता. उन्होंने यह भी कहा कि दाल-चावल अब उनके लिए घर के खाने जैसा हो गया है और वह इसके बिना एक दिन भी नहीं रह सकतीं.
इंदिरा गांधी को खाने की अच्छी समझ थी
प्रियंका गांधी ने बातचीत में यह भी बताया कि सोनिया गांधी पहले गुजराती व्यंजन खांडवी बनाया करती थीं. इस दौरान सोनिया ने अपनी सास और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी याद किया.
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी को खाना बनाना नहीं आता था, लेकिन उन्हें खाने की बहुत अच्छी समझ थी. वह किसी भी व्यंजन को चखकर उसमें सुधार के लिए सटीक सुझाव दे सकती थीं.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने जताई थी अनहोनी की आशंका, राजीव गांधी की जान को था खतरा; सोनिया की किताब में खुलासा