Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सुकमा के जगरगुंडा के जंगल में मिले दो IED:सीआरपीएफ ने 5-5 किलो के विस्फोटकों को मौके पर किया निष्क्रिय

INT News11 November 2026 at 11:01 pm

सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कोंडापल्ली इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की विस्फोटक साजिश को नाकाम करते हुए दो IED बरामद किए हैं। दोनों विस्फोटकों का वजन करीब 5-5 किलोग्राम था। बम निरोधक दस्ते (BD टीम) ने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दोनों IED को नियंत्रित तरीके से मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। खुफिया सूचना पर जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को सुबह 9 बजे गोलकोंडा कैंप की सी/228 कंपनी के जवान द्वितीय कमान अधिकारी एवं वर्तमान कमांडेंट बिपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में कोंडापल्ली और आसपास के जंगलों में एरिया डोमिनेशन अभियान पर निकले थे। इस इलाके में पहले भी नक्सलियों द्वारा IED छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पूर्व में कई बार सर्च ऑपरेशन चलाए गए थे, लेकिन तब कोई सफलता नहीं मिली थी। बुधवार को मिली पुख्ता खुफिया सूचना में कैंप से करीब 2 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में IED छिपाकर रखे जाने का संकेत मिला। इसके बाद जवानों को मुख्य ऑपरेशन रूट से करीब 600 से 700 मीटर दूर संदिग्ध स्थान की ओर भेजा गया। BD टीम और डॉग स्क्वॉड ने की तलाशी संदिग्ध स्थान पर पहुंचने के बाद जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए। इसके बाद BD टीम और K9 डॉग स्क्वॉड की मदद से व्यवस्थित तरीके से तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों से करीब 5-5 किलो के दो IED बरामद किए गए। दोनों का कुल वजन करीब 10 किलोग्राम था। दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच किया निष्क्रिय IED मिलने के बाद आसपास के इलाके को सुरक्षित किया गया। द्वितीय कमान अधिकारी बिपिन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में BD टीम ने दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दोनों विस्फोटकों को नियंत्रित तरीके से मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरे इलाके की दोबारा जांच की गई। इसके बाद कंपनी के सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए। मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं और दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।