समाचार · छत्तीसगढ़
सूरजपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल से चोरी का खुलासा:आरोपी गिरफ्तार; प्रिंटर, कंप्यूटर सीपीयू, बैटरी और स्टेशनरी मिली
सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के जरही स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने युवक सूरज राजवाड़े (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए प्रिंटर, कंप्यूटर CPU, बैटरी, स्टेशनरी सहित पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व के अवकाश के दौरान 6 से 11 नवंबर 2026 तक विद्यालय बंद था। इसी बीच अज्ञात चोर ने स्कूल के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती सामान चोरी कर लिए। दीपावली की छुट्टियों में स्कूल को बनाया निशाना 10 नवंबर को साफ-सफाई के लिए पहुंचे प्यून और स्वीपर ने परिसर का निरीक्षण किया, तब चोरी की जानकारी सामने आई। इसके बाद विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संतोष भारती ने भटगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक, विद्यालय से स्टेशनरी सामग्री, 2 प्रिंटर, 4 नग बैट, 1 कंप्यूटर CPU और 6 नग बैटरी चोरी हुई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 215/26 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रिंटर और CPU बेचने के लिए तलाश रहा था ग्राहक घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी और पुलिस टीम को आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जरही निवासी सूरज राजवाड़े कंप्यूटर CPU और प्रिंटर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने 7 नवंबर 2026 को विद्यालय के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। नर्सरी से बरामद हुआ चोरी का पूरा सामान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विद्यालय के पीछे स्थित नर्सरी से चोरी का सामान बरामद किया। इसमें 4 बंडल पेपर, 2 प्रिंटर, 4 नग बैट, 1 कंप्यूटर CPU, सादा रजिस्टर और 6 नग बैटरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी सूरज राजवाड़े, पिता विफल राजवाड़े, उम्र 22 वर्ष, निवासी जरही, थाना भटगांव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।