Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिन जगहों पर आग लगी...वहां निगम की कार्रवाई:भोपाल के न्यू मार्केट में 'पीली पट्‌टी' के अंदर दुकानदार रखेंगे सामान; ISBT से बसें हटाईं

INT News28 October 2026 at 07:50 pm

राजधानी भोपाल में पिछले 15 दिनों में दो इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। इसे देखते हुए नगर निगम ने बुधवार को कार्रवाई शुरू की। शाम 7 बजे न्यू मार्केट पहुंचे अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपना सामान पीली पट्टी के अंदर ही रखें, वरना जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ISBT स्थित बस टर्मिनल में महीनों से खड़ी बसों को भी हटाया गया। न्यू मार्केट में अपर आयुक्त अमन मिश्रा, सांयकालीन अतिक्रमण निरोधी दस्ता अधिकारी नासिर खान, अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया समेत टीम ने शाम को कार्रवाई शुरू की।

यहां 8 अक्टूबर को बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग लगी थी। आग ने पास की 5 बड़ी दुकानों और 12 से ज्यादा रेहड़ियों को चपेट में ले लिया था। इससे करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ था। जिस जगह आग लगी थी, उससे 100 फीट की दूरी पर ही छोले-भटूरे की दो और दुकानें खुली हैं। इसके पास दो से तीन नमकीन की दुकानें भी हैं, जहां सुबह से रात तक भट्ठी जलती है। ऐसे में दोबारा हादसा होने की आशंका है। घटना के बाद निगम ने हॉकर्स को स्टेडियम के पास शिफ्ट करने का निर्णय लिया था। इस दौरान लगातार तीन दिन तक मॉकड्रिल भी की गई। इसी बीच एक महिला के पैर के ऊपर दमकल का पहिया चढ़ गया था। इसके बाद गाड़ियों से मॉकड्रिल रोक दी गई थी। दीपावली पर न्यू मार्केट में खासी भीड़ रहती है। ऐसे में नगर निगम की टीम एक बार फिर मैदान में उतर गई है। अपर आयुक्त अमन मिश्रा ने जोन प्रभारी को गुरुवार से ही पीली पट्टी के अंदर सामान रखवाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को छूट अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान ने इस दौरान मंदिर के सामने मेहंदी लगाने वाली महिलाओं से बात की। करवा चौथ के मौके पर यहां बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां मेहंदी लगवाने आती हैं। इसलिए उनकी सुविधा के लिए गुरुवार को उन्हें हटाने की कार्रवाई नहीं होगी। इसके अलावा पूजन सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को भी छूट दी गई है। वे गुरुवार को भी फुटपाथ पर दुकानें लगा सकेंगे। 8 अक्टूबर को लगी थी भीषण आग… भोपाल के ISBT से महीनों से खड़ी बसें हटाईं

रविवार की शाम को आईएसबीटी स्थित बस टर्मिनल में खड़ी 8 बसों में आग लग गई थी। इसके चलते इलाके में हड़कंप मच गया था। लिहाजा, मंगलवार को नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने आईएसबीटी का निरीक्षण किया था। उन्होंने आईएसबीटी परिसर में खड़ी गैर संचालित बसों के संचालकों को नोटिस जारी कर बसों को हटाने और नियमित रूप से संचालित होने वाली बसों को सवारी बैठने एवं उतारने की समयावधि तक ही बसों को आईएसबीटी परिसर में रूकने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। साथ ही आईएसबीटी में फायर हाईडेंट की स्थापना करने, वायरिंग आदि की जांच कराने, परिसर में एकत्रित साइकिल्स व ईवी बाईसकिल्स को पीपी मोड पर संचालित करने के लिए टेंडर जारी करने को कहा था। इसके बाद बुधवार को निगम अमला ने कार्रवाई करते हुए यहां महीनों से खड़ी बसों को हटवा दिया। क्रेन की मदद से बसें हटाई गई। इनके मालिकों से जुर्माना भी वसूला जाएगा।