national · पश्चिम बंगाल
बंगाल में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति रद्द, कोलकाता HC ने पलटा स्पीकर का फैसला, रीतब्रत बनर्जी बोले- हमारे पास बहुमत

West Bengal: कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति को लेकर अहम फैसला सुनाया है. अदालत ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी धड़े के रीतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त करने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को रद्द कर दिया है. हाईकोर्ट ने दोनों नियुक्तियों को कानूनन अवैध करार दिया है.
विधानसभा अध्यक्ष को 10 दिन का समय
कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति कृष्ण रावने ने विधानसभा अध्यक्ष को 10 दिन के भीतर नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति पर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है.
शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने दी थी नियुक्तियों को चुनौती
तृणमूल कांग्रेस के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. याचिका पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने कहा कि रीतब्रत बनर्जी और अखरुज्जमां की नियुक्ति का निर्णय कानूनन वैध नहीं है. अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष रतींद्र बोस को दोनों पदों पर नियुक्ति के संबंध में 10 दिन के भीतर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया.
हाईकोर्ट के फैसले पर रीतब्रत बनर्जी बोले- हमारे पास बहुमत
नेता प्रतिपक्ष के पद पर नियुक्ति रद्द होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के बागी नेता रीतब्रत बनर्जी ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश में कुछ भी असामान्य नहीं है. उन्होंने कहा कि नियुक्ति के समय DTMC और MAITC अलग-अलग अस्तित्व में नहीं थे. अब दोनों के अलग चुनाव चिह्न हैं. बनर्जी ने दावा किया कि विधानसभा अध्यक्ष जब भी बुलाएंगे, वे बहुसंख्यक विधायकों के साथ उनके समक्ष उपस्थित होंगे.
?ref_src=twsrc%5Etfw">
तीन जून को नेता प्रतिपक्ष बनाए गए थे रीतब्रत बनर्जी
पश्चिम बंगाल में मई में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सत्ता में आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष रतींद्र बोस ने तीन जून को रीतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया था.