समाचार · मध्य प्रदेश
हवाई हमले के अभ्यास में शहर की लाइटें बंद कीं:प्रशासन, पुलिस, SDRF और होमगार्ड ने की मॉकड्रिल; आग लगने पर रेस्क्यू के तरीके भी बताए
अशोकनगर में शुक्रवार रात हवाई हमले की स्थिति में सुरक्षित रहने और ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। विमान वाले चबूतरे पर हुई मॉकड्रिल में रेड अलर्ट का पहला सायरन बजते ही संबंधित इलाकों की बिजली बंद कर दी गई। यह जगह लव-कुश मंदिर के पास है।
लोगों को घरों की लाइटें बंद करने, खिड़कियों पर पर्दे डालने और सुरक्षित जगह पर रहने का अभ्यास कराया गया। दूसरा सायरन बजने पर सामान्य स्थिति बहाल की गई।
मॉकड्रिल में शनि मंदिर क्षेत्र, सोनी कॉलोनी, यादव कॉलोनी, पछाड़ीखेड़ा रोड, बस स्टैंड क्षेत्र, नाहर कॉलोनी और शंकर कॉलोनी शामिल थे। इन इलाकों में बिजली बंद कर ब्लैकआउट किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कर ने बताया कि अभ्यास का उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि रात में हवाई हमले की स्थिति में ब्लैकआउट कैसे करना है और खुद को सुरक्षित कैसे रखना है। इससे जान-माल के नुकसान से बचने में मदद मिलेगी।
अभ्यास में यह भी बताया गया कि हवाई हमले के दौरान आग लगने पर रेस्क्यू कैसे करना है और उपलब्ध संसाधनों का समय पर उपयोग कैसे करना है।
मॉकड्रिल में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स शामिल हुए। नगर पालिका, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौजूद रहीं। सभी विभागों ने आपसी तालमेल से आपात स्थिति में बचाव कार्य का अभ्यास किया।
प्रशासन ने कहा कि यह जनजागरूकता और सुरक्षा के लिए की गई मॉकड्रिल थी। इसे लेकर अफवाह न फैलाएं। पहले सायरन में तेज और धीमी आवाज के संकेत दिए गए, जबकि दूसरे सायरन की एक समान आवाज से सामान्य स्थिति बहाल होने का संकेत मिला।