Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पुश्तैनी जमीन का सीमांकन कराने मांगे ढाई लाख रुपए:लोकायुक्त ने SDM कार्यालय के बाबू पर की कार्रवाई; एक साल से अटका था जमीन का सीमांकन

INT News27 November 2026 at 08:52 pm

इंदौर के सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक बाबू पर जमीन का सीमांकन कराने के बदले 2.50 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी बाबू मनीष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। एक साल पहले दिया था सीमांकन का आदेश एसपी राजेश सहाय ने बताया कि शिकायतकर्ता देपालपुर तहसील के ग्राम उजालिया निवासी राहुल कुमावत ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि सांवेर तहसील के ग्राम हरियाखेड़ी में उनकी पुश्तैनी जमीन है। पिता की मृत्यु के बाद यह जमीन उनकी मां कमलाबाई कुमावत के नाम पर दर्ज है। जमीन का सही सीमांकन कराने और उस पर हुए अवैध कब्जे हटवाने के लिए परिवार ने करीब एक साल पहले आवेदन दिया था, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगस्त में बाबू से हुई थी पहचान शिकायकर्ता 31 अगस्त 2026 को वह सीमांकन की कार्रवाई के संबंध में सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचा था। वहां उसकी मुलाकात कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष से हुई। आरोप है कि मनीष ने सीमांकन की कार्रवाई कराने के एवज में 2.50 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद राहुल कुमावत ने 2 सितंबर 2026 को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत की। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगने से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद 27 नवंबर को आरोपी मनीष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।