समाचार · पंजाब
मोगा में गलत तार जुड़ने से घरों में पहुंचा हाईवोल्टेज:25 घरों के उपकरण जले; फ्रिज-LED, मोबाइल और इन्वर्टर खराब; ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा
मोगा के तारेवाला गांव में ट्रांसफार्मर पर DT बॉक्स लगाने के बाद गलत तार जुड़ने से करीब 20 से 25 घरों में हाई वोल्टेज पहुंच गया। इससे फ्रिज, LED, मोबाइल फोन, इन्वर्टर और अन्य बिजली उपकरण जल गए। प्रभावित ग्रामीणों ने नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, गांव में बिजली ट्रांसफार्मर पर DT बॉक्स लगाने का कार्य चल रहा था, जिसके चलते बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। काम पूरा होने के बाद सप्लाई चालू करने के लिए तार जोड़े गए। ग्रामीणों के मुताबिक, तारों के गलत कनेक्शन के कारण घरों में अधिक वोल्टेज पहुंच गया। प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि रात को अचानक वोल्टेज बढ़ने से उनकी गली के करीब 20 से 25 घरों के उपकरण खराब हो गए, जिससे उन्हें हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने सरकार और बिजली विभाग से नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा देने की मांग की। कर्मचारी ने मानी गलती ठेकेदार के कर्मचारी राजीव कुमार ने काम के दौरान गलती होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि एक कर्मचारी ने तारों की ठीक से जांच किए बिना ही बिजली सप्लाई चालू कर दी थी और इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। गांव के सरपंच कमलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों को फोन पर जानकारी दी थी। SDO बोले- जांच के बाद बिजली करेंगे बहाल वहीं, बिजली बोर्ड के SDO गुरमीत सिंह ने बताया कि एक निजी कंपनी द्वारा ट्रांसफार्मरों पर DT बॉक्स लगाने का काम किया जा रहा है और इसी दौरान तारों के गलत कनेक्शन से अधिक वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हुई, जिससे कई घरों के उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। SDO ने बताया कि गांव की बिजली सप्लाई फिलहाल बंद की गई थी, जिसे जांच के बाद बहाल कर दिया जाएगा।