समाचार · पंजाब
तरनतारन के SDM कॉम्प्लेक्स में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल:15 मिनट हुआ अंधेरा, सायरन बजते ही बंद की गईं लाइटें; आग बुझाने का अभ्यास
तरनतारन के एसडीएम कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार रात 8 बजे सिविल डिफेंस ने एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की। ब्लैकआउट करीब 15 मिनट तक रहा। गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली और पंजाब सरकार के निर्देशों पर यह अभ्यास किया गया। इसका उद्देश्य हवाई हमले की स्थिति में सिविल डिफेंस की तैयारी और आपातकालीन व्यवस्था को परखना था। डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन के निर्देश पर मॉक ड्रिल शुरू हुई। एयर रेड चेतावनी का सायरन बजते ही बिजली विभाग ने बिजली बंद कर दी। तय इलाके की सभी लाइटें बंद होने से पूरा एसडीएम कॉम्प्लेक्स अंधेरे में डूब गया। सायरन बजाकर ही ऑल क्लियर का दिया सिग्नल ब्लैकआउट के दौरान संबंधित विभागों ने तय प्रक्रिया के अनुसार काम किया। अभ्यास खत्म होने पर दो मिनट तक तेज आवाज में सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ सिग्नल दिया गया। मॉक ड्रिल में आग बुझाने, बचाव और राहत कार्य, प्राथमिक उपचार और मेडिकल मदद का अभ्यास किया गया। घायलों को सुरक्षित जगह पहुंचाने, यातायात संभालने और भीड़ नियंत्रित करने की प्रतीकात्मक रिहर्सल भी हुई। संबंधित विभागों के कर्मचारी और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक इसमें शामिल हुए। नायब तहसीलदार तरनतारन निर्मल सिंह ने बताया कि यह सिविल डिफेंस की तैयारी परखने के लिए नियमित मॉक ड्रिल थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी के लिए देशभर में हर साल अप्रैल और नवंबर में ऐसी मॉक ड्रिल होगी।