Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दो राइस मिलों में 28,871 क्विंटल धान कम मिला:सिमगा में खाद्य विभाग की जांच में 6.83 करोड़ रुपए की अनियमितता उजागर

INT News27 November 2026 at 08:58 pm

बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में अनियमितता की आशंका पर खाद्य विभाग ने सिमगा विकासखंड की दो राइस मिलों में छापेमार कार्रवाई की है। जांच के दौरान दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी पाई गई। इसकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ 83 लाख 95 हजार 967 रुपए आंकी गई है। दोनों मिलों को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में बड़ी मात्रा में चावल जमा करना शेष है, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान मिल परिसरों में अपेक्षित मात्रा में धान और चावल नहीं मिला। दो मिलों में करोड़ों रुपए के धान की कमी कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में जांच की। इस दौरान श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में 19,351.80 क्विंटल धान की कमी मिली। इसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपए बताई गई है। वहीं, सलूजा इंडस्ट्रीज में 9,519.44 क्विंटल धान कम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपए आंकी गई है। दोनों मिलों में मिलाकर 28,871.24 क्विंटल धान की कमी दर्ज की गई। परिसर में नहीं मिला पर्याप्त स्टॉक जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के अनुसार, श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज को 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना शेष है। इसके बावजूद भौतिक सत्यापन के दौरान मिल परिसर में केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान मिला। इसी तरह सलूजा इंडस्ट्रीज को 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है, जबकि जांच के दौरान मिल परिसर में महज 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया। दस्तावेज नहीं दिखा सके मिल संचालक, प्रकरण दर्ज जांच के दौरान दोनों मिलों के संचालक राहुल अग्रवाल और दारा सिंह सलूजा धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग के मुताबिक, बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद दोनों मिलों की ओर से निर्धारित चावल जमा नहीं कराया जा रहा था। खाद्य विभाग ने दोनों मिल संचालकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप और खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू व शीतलेश यादव शामिल रहे। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग में अनियमितता करने वालों के खिलाफ जांच और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।