समाचार · झारखंड
Jharkhand HC से विदा हुए Chief Justice MS Sonak, न्यायिक जवाबदेही और संवेदना पर दिया संदेश

रांची. झारखंड हाइकोर्ट में शुक्रवार, 27 नवंबर को आयोजित फुल कोर्ट रेफरेंस में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक ने न्यायपालिका की भूमिका, न्यायिक जवाबदेही और न्यायाधीशों के प्रति अपेक्षाओं पर महत्वपूर्ण बातें कहीं. उन्होंने कहा कि न्यायाधीश भी इंसान हैं और उनसे हर फैसला सही होने की उम्मीद करना उचित नहीं है. न्यायिक फैसलों की अच्छी तरह शोध की गयी रचनात्मक आलोचना और उनमें सुधार जरूरी है. हालांकि, आलोचना का उद्देश्य न्यायपालिका या न्यायाधीशों की छवि खराब करना नहीं, बल्कि संस्थान को संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाना होना चाहिए.
अपने विदाई संबोधन में जस्टिस सोनक ने कहा कि कानून के शासन में न्यायिक पद का सम्मान जरूरी है, न कि उस पद पर बैठे व्यक्ति का. संस्थान के प्रति सम्मान कोई अधिकार नहीं, बल्कि ऐसा विश्वास है जिसे हर दिन कानून के प्रति निष्ठा से अर्जित और कायम रखना पड़ता है.
फैसलों के पीछे इंसान का दर्द देखना जरूरी
जस्टिस सोनक ने कहा कि अदालतों में आने वाली याचिकाओं और मुकदमों के पीछे एक इंसान होता है, जो न्याय की उम्मीद लेकर आता है. न्यायाधीशों का प्रयास होना चाहिए कि वे याचिका के शब्दों से आगे जाकर उसके पीछे मौजूद इंसान की पीड़ा को समझें. संविधान के तहत उनका दायित्व केवल कानून को यांत्रिक तरीके से लागू करना नहीं, बल्कि संवेदना और समानता के साथ न्याय करना भी है.
उन्होंने कहा कि न्यायाधीशों पर मुकदमों के भारी दबाव के बीच कई बार फैसले लेने पड़ते हैं. ऐसे में हर निर्णय को सही मान लेना या न्यायाधीशों से हर बार त्रुटिहीन फैसले की अपेक्षा करना उचित नहीं है. इसलिए रचनात्मक आलोचना और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहनी चाहिए.
न्यायिक सेवा एक टीम वर्क, अगली पीढ़ी को सौंपनी है जिम्मेदारी
झारखंड हाइकोर्ट में अपने करीब 11 महीने के कार्यकाल को याद करते हुए जस्टिस सोनक ने कहा कि न्यायिक सेवा किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि टीम वर्क है. उन्होंने न्यायिक कार्यकाल की तुलना रिले दौड़ से की. कहा कि न्यायाधीश अपने पूर्ववर्तियों से जिम्मेदारी की बागडोर लेते हैं, अपनी क्षमता के अनुसार काम करते हैं और फिर उसे अगली पीढ़ी को सौंप देते हैं. इस दौरान कोशिश होनी चाहिए कि संस्थान की गरिमा और विरासत पर कोई दाग न लगे.
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य लोगों तक न्याय पहुंचाना है. इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात रही. उन्होंने झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीशों, बार के सदस्यों और रजिस्ट्री के अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार जताया.
झारखंड को बताया परिवार जैसा
जस्टिस सोनक ने कहा कि गोवा, महाराष्ट्र और झारखंड में काम करने के दौरान उन्हें बार और बेंच के सदस्यों से बहुत कुछ सीखने को मिला. झारखंड आने पर यहां के न्यायाधीशों, उनके परिवारों और अधिवक्ताओं ने उन्हें अपनापन दिया. उन्होंने कहा कि इस आत्मीयता के कारण झारखंड उनके लिए एक परिवार जैसा बन गया.
उन्होंने अपने संबोधन में पत्नी संगीता, बेटे ईशान और परिवार के अन्य सदस्यों का भी उल्लेख किया. कहा कि न्यायिक जिम्मेदारियों के दबाव को परिवार ने हमेशा सहयोग और धैर्य के साथ संभाला. उन्होंने झारखंड हाइकोर्ट से विदा लेते हुए सभी के प्रति आभार जताया और संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.