समाचार · पंजाब
इंदिरा गांधी शहादत दिवस पर कांग्रेस का हमला:बठिंडा में जुटे कांग्रेसी; बोले- देश में संविधान पर खतरा, पंजाब में चरमराई कानून-व्यवस्था
शहर के कांग्रेस भवन में शनिवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का शहादत दिवस पूर्ण श्रद्धा और आदर के साथ मनाया गया। बठिंडा शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजन गर्ग के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर दिवंगत नेता की आत्मिक शांति के लिए एक मिनट का मौन भी रखा गया। राष्ट्रीय हित और शांति के लिए दिया बलिदान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजन गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय हित में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के अतुलनीय योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने पंजाब सहित पूरे देश में शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने और हर वर्ग के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं बनाई थीं। केंद्र व पंजाब सरकार पर साधा निशाना राजन गर्ग ने विपक्षी सरकारों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार देश के संविधान को कमजोर करने का काम कर रही है। वहीं, पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश और पंजाब की खुशहाली के लिए केवल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ही एकमात्र विकल्प है। कार्यक्रम के दौरान के.के. अग्रवाल, बलजिंदर ठेकेदार, जसवीर कौर, माधो शर्मा, भगवान दास भारती, नरेश गर्ग, रूप सिंह, हरि ओम कपूर, सुनील कुमार, बलतेज सिंह सिद्धू, रामेश्वर राजोरा, दुली चंद, सुखदेव सिंह बहिया, रमन कुमार और रूपिंदर बिंद्रा सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।