समाचार · मध्य प्रदेश
जंगल में गांजा बेचने का इंतजार कर रहा आरोपी गिरफ्तार:मैहर में 1.30 किलो गांजा और बाइक जब्त; 60 वर्षीय आरोपी को जेल भेजा
मैहर जिले के रामनगर थाना पुलिस ने झिन्ना रोड पर पावर हाउस के पास जंगल से 1 किलो 300 ग्राम गांजे के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा बेचने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 93 हजार रुपए बताई गई है। ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को मर्यादपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप पटेल को सूचना मिली थी कि झिन्ना रोड पर पावर हाउस के पास जंगल में एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। उसके पास मोटरसाइकिल भी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बाइक की डिग्गी में मिला गांजे का पैकेट पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश उर्फ कृष्णपाल बैस (60) बताया। वह लेहेचुआ रघुनाथपुर, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी का निवासी है। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल की डिग्गी में टेप से लिपटा एक पैकेट मिला। जांच और तौल में उसमें 1 किलो 300 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने 13 हजार रुपए कीमत का गांजा और करीब 80 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की। बाइक का नंबर MP53 MB 4894 है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत केस दर्ज किया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।