समाचार · छत्तीसगढ़
दूध में मिले कीड़े, ब्रेड फैक्ट्री में घूमते मिले चूहे:रायपुर के मिठाई दुकानों-ब्रेड फैक्ट्री में खाद्य विभाग का छापा; 3 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड
त्योहारों से पहले मिठाई और दूसरी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने खाद्य विभाग ने राजधानी में बड़ी कार्रवाई की है। बिरगांव की खत्री स्वीट्स में मिठाई बनाने के लिए रखे दूध में कीड़े मिले। वहीं समता कॉलोनी की ब्रेड फैक्ट्री में परिसर के अंदर चूहे घूमते दिखाई दिए। पचपेड़ी नाका के अग्रवाल मिठाई वाला में भी गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। इन गड़बड़ियों को देखते हुए खाद्य विभाग ने तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। विभाग ने बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराई, जबकि एक दुकान से बड़ी मात्रा में पैक्ड मिठाई जब्त की है। शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल खुद टीम के साथ जांच करने पहुंचे। टीम ने बिरगांव, समता कॉलोनी, पचपेड़ी नाका के पास और कमल विहार में मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों का निरीक्षण किया। इन 4 दुकानों में मारा छापा, सामने आई गड़बड़ियां 1. खत्री स्वीट्स, बिरगांव : यहां मिठाई बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े तैरते मिले। काजू और मिठाइयों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। टीम ने काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के सैंपल लिए। करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम समेत अन्य सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। 2. लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट), समता कॉलोनी : ब्रेड बनाने वाली इस फैक्ट्री में कई चूहे घूमते मिले। स्टोर रूम में भी काफी गंदगी थी। स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किए जाने पर करीब 80 किलो अलग-अलग तरह की ब्रेड नष्ट कराई गई। फैक्ट्री का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। 3. अग्रवाल मिठाई वाला, पचपेड़ी नाका : मिठाई बनाने वाली जगह के फर्श पर गंदगी मिली। टीम ने बेसन, लड्डू और घी के सैंपल लिए। यहां 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स समेत अन्य सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। इस दुकान का भी खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया। 4. कृष्णा स्वीट्स, कमल विहार : जांच में यह दुकान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिली। यहां पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग की जा रही थी। टीम ने कुन्दा और मैसूर पाक के सैंपल लिए। इसके अलावा 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया गया। जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई खाद्य विभाग ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई के सभी नियम पूरे होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहां से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले, यह विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा के नियमों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को साफ-सफाई के नियमों का पालन करना होगा।