समाचार · बिहार
Bihar Board: विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का डमी एडमिट कार्ड जारी, 5 नवंबर तक सुधार का मौका

Bihar Board: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा (2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थी दो नवंबर की दोपहर से समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना डमी प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे. इसे डाउनलोड करने और उसमें त्रुटियों को सुधारने की सुविधा पांच नवंबर तक उपलब्ध रहेगी.
नाम, जन्मतिथि और फोटो में कर सकेंगे सुधार
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को डमी एडमिट कार्ड में दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करने का निर्देश दिया है. इसमें नाम, जन्मतिथि, फोटो, हस्ताक्षर सहित अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर ऑनलाइन सुधार किया जा सकेगा.
इसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल https://sletregistration.cbrt.co.in पर जाकर अपनी यूजर आइडी और पासवर्ड से लॉगइन करना होगा. इसके बाद डमी एडमिट कार्ड में दर्ज विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार करना होगा.
5 नवंबर के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि डमी एडमिट कार्ड में त्रुटियों के सुधार के लिए पांच नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है. इसके बाद सुधार संबंधी किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जायेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रवेश-पत्र में दर्ज सभी जानकारियों का मिलान कर लेना चाहिए.
श्रेणी बदलने पर जमा करना होगा अतिरिक्त शुल्क
यदि कोई अभ्यर्थी अपनी आरक्षित श्रेणी में बदलाव करता है और नई श्रेणी के अनुसार परीक्षा शुल्क अधिक निर्धारित होता है, तो उसे अंतर की राशि पांच नवंबर तक ऑनलाइन जमा करनी होगी. निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिरिक्त शुल्क जमा नहीं करने पर श्रेणी परिवर्तन के दावे को स्वीकार नहीं किया जायेगा.
समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि भविष्य में प्रवेश-पत्र से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
Also Read: AK-47 जब्ती कांड: जेल में बंद अधिवक्ता संदीप सिन्हा से पूछताछ करेगी NIA, कोर्ट ने दी रिमांड