समाचार · मध्य प्रदेश
पुलिस टीम पर हमला करने वाले बाप-बेटे गिरफ्तार:छतरपुर में चार महीने से फरार थे, एक आरोपी पहले से गिरफ्तार
छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम छपरा में डायल-112 पुलिस टीम पर हमले और हत्या के प्रयास के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाठी भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जून 2026 में डायल-112 टीम सूचना मिलने पर ग्राम छपरा पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने टीम पर हमला किया। चंदला थाने में सरकारी काम में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला कर हत्या का प्रयास करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। एक पकड़ा जा चुका था, दो की तलाश थी पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस पहले ही इनामी आरोपी वीरेंद्र उर्फ लक्खू उर्फ पकुआ राजपूत को गिरफ्तार कर चुकी थी। इसके बाद ज्ञानी उर्फ ज्ञान प्रकाश राजपूत और मिंता राजपूत को गिरफ्तार किया गया। दोनों ग्राम छपरा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, ज्ञानी उर्फ ज्ञान प्रकाश राजपूत पर हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार और एससी-एसटी एक्ट समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ज्ञानी राजपूत और उसके पिता लड़कू राजपूत वर्ष 2020 में दर्ज अवैध वसूली, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के मामले में भी फरार थे। पुलिस ने इस मामले में भी दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है।