Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी':आगर मालवा में दौड़ की जगह पैदल मार्च निकला, गांधी उपवन से विजय स्तंभ तक चले

INT News31 October 2026 at 01:37 pm

आगर मालवा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। गांधी उपवन से शुरू हुई ‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रतिभागियों ने दौड़ने के बजाय पैदल मार्च किया। संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके ने हरी झंडी दिखाकर मार्च रवाना किया। मार्च से पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट और संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके ने अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मार्च गांधी उपवन से झंडा चौक, गोपाल मंदिर, सरकारवाड़ा और पुराना अस्पताल होते हुए विजय स्तंभ पहुंचा। रास्ते में नागरिकों ने प्रतिभागियों पर फूल बरसाए। आयोजन में अलग-अलग विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूलों के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। मार्च के समापन पर यातायात विभाग ने यातायात थाने में जागरूकता प्रदर्शनी लगाई। विधायक मधु गहलोत ने सरदार पटेल के चित्र पर फूल चढ़ाकर प्रदर्शनी शुरू की। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की।