समाचार · झारखंड
त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा: टाटानगर, रांची और राउरकेला से बिहार के लिए चलेंगी 4 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें

जमशेदपुर. दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है. रेलवे प्रशासन ने बंगाल, झारखंड और ओडिशा से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए 4 जोड़ी यानी कुल 8 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों को इन ट्रेनों के परिचालन से कन्फर्म सीट मिलने में आसानी होगी. ये ट्रेनें शालीमार, राउरकेला, टाटानगर और रांची से रवाना होकर दरभंगा, झंझारपुर, लाभा और पूर्णिया कोर्ट तक जाएंगी. रेलवे द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार नवंबर महीने में इनका परिचालन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा.
स्पेशल ट्रेनों का विवरण और शेड्यूल:
शालीमार-दरभंगा-शालीमार स्पेशल (08109) : शालीमार से 3 से 17 नवंबर तक हर मंगलवार सुबह 10:15 बजे खुलेगी और उसी दिन रात 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी. वापसी में 08110 दरभंगा से 4 से 18 नवंबर तक हर बुधवार मध्य रात्रि 00:30 बजे खुलकर दोपहर 2:30 बजे शालीमार पहुंचेगी.
राउरकेला-झंझारपुर-राउरकेला स्पेशल (08105): राउरकेला से 5 से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार शाम 7:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी. वापसी में 08106 झंझारपुर से 6 से 20 नवंबर तक हर शुक्रवार रात 9:00 बजे खुलकर अगले दिन शाम 7:00 बजे राउरकेला पहुंचेगी. यह बानो, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में रुकेगी.
टाटानगर-लाभा-टाटानगर स्पेशल (08181): टाटानगर से 5 से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार दोपहर 1:00 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे लाभा पहुंचेगी. वापसी में 08182 लाभा से 6 से 20 नवंबर तक हर शुक्रवार सुबह 5:20 बजे खुलकर रात 11:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी. इसका ठहराव चांडिल, मुरी और बोकारो में होगा.
रांची-पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल (08625): रांची से 6 से 20 नवंबर तक हर शुक्रवार शाम 6:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी. वापसी में 08626 पूर्णिया कोर्ट से 7 से 21 नवंबर तक हर शनिवार दोपहर 3:00 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी. यह ट्रेन मुरी व बोकारो रुकेगी.