समाचार · मध्य प्रदेश
नोटों और गहनों से सजेगा रतलाम का महालक्ष्मी मंदिर:कलेक्टर-एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा, सुरक्षा में 24 CCTV कैमरे और गार्ड तैनात
दीपावली पर्व पर रतलाम का महालक्ष्मी मंदिर पांच दिन तक करोड़ों रुपए की नकदी और आभूषणों से सजाया जाएगा। मंदिर में सजावट शुरू हो गई है। अब तक 600 लोग इसके लिए अपनी धनराशि दे चुके हैं। शनिवार सुबह कलेक्टर अजय कटेसरिया और एसपी अमित कुमार अधिकारियों के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 600 लोगों ने सजावट के लिए दी राशि कलेक्टर और एसपी ने मंदिर के पुजारी अश्वनी पुजारी से सजावट और श्रद्धालुओं की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया भी मौजूद रहे। मंदिर में रुपयों से सजावट का काम शुरू हो चुका है। इसमें श्रद्धालु अपनी राशि और आभूषण देते हैं। सुरक्षा के लिए गार्ड और 24 CCTV कैमरे मंदिर की सुरक्षा के लिए चार गार्ड तैनात किए गए हैं। ये 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी देंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर में 24 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर के पीछे माणकचौक पुलिस थाना होने से वहां के जवान भी लगातार क्षेत्र में निगरानी रखेंगे। बाहर से होंगे दर्शन, अलग-अलग रहेंगी लाइनें कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सजावट देखने और दर्शन के लिए आने वाली भीड़ के कारण अव्यवस्था न हो। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइनें रहेंगी। सजावट के कारण भक्तों को मंदिर के बाहर से ही दर्शन करने होंगे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।