समाचार · झारखंड
दिवाली पर महंगी मिठाइयों से मिलेगी राहत! जमशेदपुर में लागत मूल्य पर मिलेंगी मिठाई और नमकीन, देखें रेट लिस्ट

जमशेदपुर: दीपावली पर मिलावट की चिंता छोड़कर शुद्ध मिठाइयों और पारंपरिक नमकीन का स्वाद लेना चाहते हैं, तो मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा ने शहरवासियों के लिए खास पहल की है. संस्था ने 'शुद्ध मिठाई, स्वस्थ दिवाली' अभियान शुरू किया है. इसके तहत लोगों को शुद्ध देशी घी और गुणवत्तायुक्त रिफाइंड से तैयार मिठाइयां व राजस्थानी नमकीन लागत मूल्य पर उपलब्ध करायी जा रही हैं. संस्था ने यह व्यवस्था 'नो प्रॉफिट-नो लॉस' के आधार पर की है.
शाखा अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य व्यावसायिक लाभ कमाना नहीं, बल्कि त्योहार के दौरान लोगों को मिलावट की आशंका से बचाते हुए किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. संस्था पिछले पांच दशक से दीपावली पर इस तरह की सेवा करती आ रही है. मिठाइयों और नमकीन को बनाने से लेकर पैकिंग तक स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है. लोगों की सुविधा के लिए आधा किलो के पैक भी उपलब्ध कराये गये हैं.
5 और 6 नवंबर को जैन भवन से मिलेगा सामान
तैयार मिठाइयों और नमकीन का वितरण 5 एवं 6 नवंबर को साकची स्थित जैन भवन से किया जायेगा. दोनों दिन सुबह 10 बजे से वितरण शुरू होगा. शहरवासियों की सुविधा के लिए साकची, बिष्टुपुर, मानगो, कदमा, सोनारी, जुगसलाई, आदित्यपुर, गोलमुरी और काशीडीह में बुकिंग केंद्र बनाये गये हैं.
काजू बर्फी से कचौड़ी तक, जानें पूरी रेट लिस्ट
संस्था की ओर से मिठाइयों और नमकीन की कीमतें निर्धारित की गयी हैं. इनमें काजू बर्फी 890 रुपये किलो, दिलखुशहाल 640 रुपये किलो और महीनदाना लड्डू 590 रुपये किलो की दर से उपलब्ध हैं. वहीं, राजस्थानी नमकीन और अन्य व्यंजनों की कीमतें भी तय की गयी हैं.
ऑर्डर के लिए जारी किये हेल्पलाइन नंबर
ऑर्डर और अन्य जानकारी के लिए शहरवासी 9835169380, 9304099398 और 7766944344 पर संपर्क कर सकते हैं. इस अभियान को सफल बनाने में अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल, सचिव बबलू अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सन्नी संघी, संयोजक ओमप्रकाश रिंगसिया, सांवरमल अग्रवाल, सीताराम देबुका, निर्मल पटवारी, बजरंग अग्रवाल और पंकज संघी सहित संस्था के सदस्य जुटे हैं. संस्था ने लोगों से समय रहते ऑर्डर दर्ज कराने की अपील की है.