national
उमर अब्दुल्ला की सरकार में बगावत? 17 विधायकों की बंद कमरे में मीटिंग, श्रीनगर सांसद ने पार्टी छोड़ने का किया ऐलान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार शाम पार्टी के विधायकों ने कश्मीर में बैठक की. इसमें कैबिनेट विस्तार और पार्टी के अंदर फैसले लेने के तरीके को लेकर नाराजगी जाहिर की गई. विधायकों की मांग है कि मंत्रिमंडल का नए सिरे से गठन हो और इसमें वरिष्ठता, योग्यता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ध्यान में रखा जाए.
बैठक में शामिल विधायकों ने मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर अहमद वानी के इस्तीफे की मांग भी उठाई. हालांकि, नेशनल कॉन्फ्रेंस की प्रवक्ता इफरा जान ने पार्टी में बड़े पैमाने पर बगावत की खबरों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी में कुछ विधायकों की नाराजगी सामान्य बात है.
ये भी पढ़ें: एक कार्यक्रम में बोले पीयूष गोयल- दुनिया के ताकतवर देश के डिप्टी पीएम मेरे पीछे पड़े हैं, उनकी बेटी को लेकर कही ये बात
रुहुल्लाह मेहदी ने क्यों लिया इस्तीफे का फैसला?
श्रीनगर के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी और लोकसभा सीट छोड़ने की घोषणा की. उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 की बहाली, कैदियों की रिहाई और लोगों के अधिकारों की रक्षा का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन मुद्दों पर अपेक्षा के मुताबिक काम नहीं हुआ.
मेहदी 3 नवंबर को बडगाम में अपने पिता की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करेंगे. इसी दिन वह अपने इस्तीफे की घोषणा करेंगे.
वीडियो में देखें रुहुल्लाह मेहदी ने क्या कहा-
नेशनल कॉन्फ्रेंस में एक साथ उठे इन घटनाक्रमों से उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व और पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल खड़े हो रहे हैं.