समाचार · उत्तर प्रदेश
UP में बिजली चोरी करने वालों की अब खैर नहीं, कोई भी कर सकता है शिकायत, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त

UP Electricity: आपके आसपास कोई चोरी-छिपे बिजली का इस्तेमाल कर रहा है या अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली जला रहा है? ऐसी स्थिति में अक्सर लोग शिकायत करने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें अपनी पहचान सामने आने या विवाद होने का डर रहता है. लेकिन अब आपको इसके लिए किसी से उलझने की जरूरत नहीं है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने बिजली चोरी की सूचना देने के लिए बिजली मित्र पोर्टल की सुविधा दी है. इसके जरिए आप अपनी पहचान गुप्त रखते हुए बिजली चोरी की जानकारी विभाग तक पहुंचा सकते हैं.
बिजली चोरी से आपकी जान को भी हो सकता है खतरा
बिजली चोरी को कई लोग सिर्फ नियमों का उल्लंघन समझते हैं, लेकिन इसका खतरा इससे कहीं ज्यादा है. अवैध तरीके से बिजली का कनेक्शन लेना या तारों से छेड़छाड़ करना शॉर्ट सर्किट और आग लगने की वजह बन सकता है. ऐसी घटनाओं में केवल बिजली चोरी करने वाला व्यक्ति ही नहीं, बल्कि आसपास रहने वाले परिवार भी खतरे में पड़ सकते हैं. कई बार अवैध कनेक्शन के कारण बिजली के तारों और उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. इससे बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और दूसरे उपभोक्ताओं को परेशानी होने का जोखिम रहता है. यही वजह है कि बिजली चोरी की जानकारी को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.
नाम बताए बिना बिजली चोरी की शिकायत कैसे करें?
अगर आपके मोहल्ले, गांव या आसपास किसी स्थान पर बिजली चोरी हो रही है, तो आप इसकी जानकारी बिजली मित्र पोर्टल के माध्यम से दे सकते हैं. UPPCL ने इस पोर्टल पर गुमनाम रहकर शिकायत करने की सुविधा दी है. यानी बिजली चोरी की सूचना देने के लिए आपको अपनी पहचान सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं है. इसके लिए बिजली चोरी की जानकारी देने के उद्देश्य से बिजली मित्र पोर्टल पर जाएं और वहां दिए गए शिकायत संबंधी विकल्प का इस्तेमाल करें. पोर्टल पर बिजली चोरी की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है. इससे संबंधित जानकारी सीधे विद्युत विभाग तक पहुंचाई जा सकती है.
शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर भी है उपलब्ध
अगर आप पोर्टल के बजाय दूसरे माध्यम से विभाग तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं, तो UPPCL के हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं.
हेल्पलाइन नंबर: 1912
Instagram, Facebook और X (Twitter): @UPPCLLKO
YouTube: @UPPCLConsumerConnect
खुद न करें कार्रवाई, विभाग को दें जानकारी
बिजली चोरी होते देखने पर खुद अवैध कनेक्शन हटाने या बिजली के तारों से छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें. ऐसा करना आपके लिए खतरनाक हो सकता है. बेहतर है कि संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें और कार्रवाई की जिम्मेदारी अधिकारियों पर छोड़ें. बिजली चोरी के खिलाफ जागरूकता और समय पर सूचना से संभावित हादसों का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है.
Must Read: 'यूपी से हटेंगे तो देश से हटेंगे', अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र