समाचार · बिहार
बिहार में 115.08 एकड़ जमीन पर लगाई जायेंगी चीनी मिलें, औद्योगिक विकास का प्लान तैयार

Motipur Sugar Mill: मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में लंबे समय से बंद पड़ी चीनी मिल की जमीन अब औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी में है. बिहार राज्य चीनी निगम की इस बंद इकाई की कुल 266 एकड़ जमीन का औद्योगिक उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
राज्य मंत्रिपरिषद ने 115.08 एकड़ जमीन पर चीनी मिल की स्थापना और शेष 151.58 एकड़ जमीन को अन्य उद्योगों की स्थापना के लिए उद्योग विभाग को हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी है.
औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
सम्राट चौधरी सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ के लक्ष्य के अनुरूप उठाए गए इस कदम से मोतीपुर और आसपास के इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है. उद्योगों की स्थापना के लिए जमीन उपलब्ध होने से निवेशकों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
चीनी मिल के लिए अलग जमीन
योजना के तहत 115.08 एकड़ जमीन पर चीनी मिल की स्थापना के लिए औद्योगिक उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है, जबकि 151.58 एकड़ जमीन अन्य उद्योगों की स्थापना के लिए उद्योग विभाग को उपलब्ध कराई गई है. इस व्यवस्था से चीनी उद्योग के विकास के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी.
मोतीपुर में उपलब्ध जमीन का सुनियोजित उपयोग क्षेत्र के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने में अहम भूमिका निभा सकता है. इससे स्थानीय स्तर पर नए उद्यमों के लिए आधार तैयार होगा और उद्योगों से जुड़ी सहायक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं को मिलेगा बल
मोतीपुर और आसपास का इलाका कृषि प्रधान है. ऐसे में यहां कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स जैसी गतिविधियों के विकास की पर्याप्त संभावनाएं है. औद्योगिक प्रयोजन के लिए जमीन उपलब्ध होने से इन क्षेत्रों में निवेश की राह आसान होगी.
Also Read: Kal Ka Mausam: 1 नवंबर को पूरे बिहार में होगी भारी बारिश, अगले 7 दिनों के लिए अलर्ट जारी