समाचार · हरियाणा
सोनीपत पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली:CP ममता सिंह ने कहा- सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर भारत को मजबूत किया
सोनीपत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सोनीपत पुलिस आयुक्तालय परिसर में 'राष्ट्रीय एकता दिवस' धूमधाम से मनाया गया। पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS, ADGP) के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की निष्ठापूर्वक शपथ ली। 562 रियासतों को जोड़कर किया मजबूत भारत का निर्माण समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद 562 देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर एक अखंड और सशक्त भारत का निर्माण किया था। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। सभी थानों और चौकियों में भी लिया गया संकल्प आयुक्तालय परिसर के अलावा जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) जितेंद्र गहलावत, सहायक पुलिस आयुक्त नरेश अहलावत और राजदीप मोर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।