समाचार · झारखंड
झारखंड के हिंदी लेक्चरर की अपील खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने बतायी स्थायी नियुक्ति की शर्त

रांची. सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि कोई कर्मचारी केवल निर्धारित शैक्षणिक योग्यता हासिल कर लेने के आधार पर ऐसे पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन का दावा नहीं कर सकता, जिसे सरकार से मंजूरी नहीं मिली हो. इसके लिए संबंधित पद का स्वीकृत और रिक्त होना भी जरूरी है. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने झारखंड के लेक्चरर बृज कुमार मिश्रा की अपील खारिज करते हुए यह टिप्पणी की.
बृज कुमार मिश्रा ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में हिंदी लेक्चरर के पद पर पांच दिसंबर 1987 से स्थायी समायोजन की मांग की थी. उनकी नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी लेक्चरर के रूप में हुई थी. यह विभाग में पांचवां पद था. नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी. उन्होंने यह योग्यता पांच दिसंबर 1987 को हासिल की. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केवल योग्यता पूरी कर लेने से स्थायी नियुक्ति का अधिकार नहीं मिल जाता.
कॉलेज के अंगीभूत होने के समय स्वीकृत थे तीन पद
एसजेएसएन कॉलेज को 31 मार्च 1987 की कट-ऑफ तारीख से रांची विश्वविद्यालय का अंगीभूत कॉलेज बनाया गया था. उस समय सरकार ने हिंदी लेक्चरर के केवल तीन पदों को मंजूरी दी थी. नवंबर 1987 में हिंदी लेक्चरर का चौथा पद भी स्वीकृत किया गया. हालांकि, ये चारों पद पहले से नियुक्त शिक्षकों से भरे हुए थे.
मिश्रा ने पांच दिसंबर 1987 को शैक्षणिक योग्यता पूरी की. तब तक कोई स्वीकृत पद रिक्त नहीं था. ऐसे में उनके स्थायी समायोजन का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता था.
आयोग की सूची में शामिल था नाम
कॉलेजों के अंगीभूत इकाइयों में बदलने के बाद वहां कार्यरत शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के स्थायी समायोजन पर विचार करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एससी अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोग गठित किया गया था. आयोग ने समायोजन के लिए विचार किये जाने वाले शिक्षकों की सूची में बृज कुमार मिश्रा का नाम भी शामिल किया था. हालांकि, उनकी पात्रता की तारीख पांच दिसंबर 1987 दर्ज की गयी थी.
इससे पहले झारखंड हाइकोर्ट की एकल पीठ ने विश्वविद्यालय को बृज कुमार मिश्रा के स्थायी समायोजन पर पांच दिसंबर 1987 से विचार करने का निर्देश दिया था. हाइकोर्ट की खंडपीठ ने एकल पीठ के इस आदेश को रद्द कर दिया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने भी खंडपीठ के फैसले को बरकरार रखते हुए मिश्रा की अपील खारिज कर दी.