समाचार · उत्तर प्रदेश
UP Election 2027: अखिलेश यादव के PDA प्रणपत्र में कानून-व्यवस्था पर खास जोर, जमीन कब्जे से लेकर महिला सुरक्षा तक किए ये वादे

Samajwadi Party Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर भी अपना एजेंडा सामने रख दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 26 नवंबर 2026 को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र 'PDA का प्रणपत्र' जारी करते हुए अपराधियों, माफिया और जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का वादा किया. घोषणापत्र में जमीन पर अवैध कब्जे रोकने के लिए विशेष STF गठित करने, प्रदेश के हर जिले में साइबर क्राइम यूनिट बनाने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग पुलिस व्यवस्था विकसित करने का ऐलान किया गया है. इसके साथ ही पुलिस की आपातकालीन सेवाओं और तकनीकी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने का भी प्रस्ताव रखा गया है.
अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का वादा किया है. पार्टी के मुताबिक, संगठित अपराध, माफियागिरी और गुंडागर्दी पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी. जाति या धर्म के आधार पर दंगे और हेट क्राइम रोकने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घोषणापत्र में महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर विशेष सख्ती बरतने की बात कही गई है.
जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के लिए बनेगी विशेष STF
सपा ने गरीबों, पिछड़ों, दलितों और कमजोर वर्गों की जमीन पर अवैध कब्जे की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष स्पेशल टास्क फोर्स (STF) गठित करने का वादा किया है. यह टीम जमीन कब्जाने वाले माफिया और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. घोषणापत्र के अनुसार, इस विशेष STF के लिए अलग रंग की गाड़ियां तैयार की जाएंगी, जो डायल-100 और 112 की तर्ज पर लगातार गश्त करेंगी. इसका उद्देश्य जमीन कब्जे की शिकायतों पर नजर रखना और जरूरतमंद लोगों को सुरक्षा देना है. इसके अलावा व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों को दबंगों तथा माफिया के उत्पीड़न से बचाने के लिए प्रमुख बाजारों में भी पुलिस गश्त बढ़ाने और जिला अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का प्रस्ताव है.
हर जिले में बनेगी साइबर क्राइम यूनिट
बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से निपटने के लिए समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में साइबर क्राइम कंट्रोल यूनिट स्थापित करने का वादा किया है. इसके जरिए ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई है. इसके साथ ही अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है. पार्टी ने एक साल के भीतर गांवों और कस्बों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर CCTV कैमरे और ड्रोन निगरानी व्यवस्था लगाने तथा इसे यूपी-100/112 कंट्रोल सेंटर से जोड़ने का भी वादा किया है.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनेगी विशेष महिला पुलिस
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सपा ने अलग पुलिस व्यवस्था विकसित करने की घोषणा की है. इसके तहत पुलिस महानिदेशक (DGP) के नियंत्रण में विशेष महिला पुलिस ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसकी पहुंच गांव स्तर तक होगी. इसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकना और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है. इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए 1090 हेल्पलाइन को फिर से मजबूत करने और डायल-100/112 सेवा को प्रभावी बनाने का वादा किया गया है. पार्टी ने यूपी पुलिस के रिक्त पदों को भरने और नई पुलिस भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की भी घोषणा की है.
पुलिस व्यवस्था में भी बदलाव का प्रस्ताव
सपा ने पुलिसकर्मियों की कार्यस्थितियों में सुधार के लिए भी कई घोषणाएं की हैं. इसमें पुलिसकर्मियों के काम के घंटे निर्धारित करने, साप्ताहिक अवकाश देने और सरकारी आवास की व्यवस्था करने का वादा शामिल है. इसके अलावा पुलिसकर्मियों को साइकिल भत्ते की जगह मोटरसाइकिल और मोबाइल भत्ता देने तथा पौष्टिक आहार भत्ता बढ़ाने की बात कही गई है.
Must Read: यूपी चुनाव: अखिलेश यादव का स्वास्थ्य एजेंडा, 10 लाख का बीमा, 18 मंडलों में अस्पताल, कैंसर मरीजों की सुविधाओं के लिए भी किया ऐलान