Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन के 6 तहसीलदाराें पर लगा जुर्माना:5 साल तक अवैध कब्जे के केस में पेश नहीं किया जवाब; इंदौर हाईकोर्ट ने मानी गंभीर लापरवाही

INT News27 November 2026 at 12:03 am

जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में 5 साल तक हाईकोर्ट में जवाब पेश नहीं करने पर उज्जैन में पदस्थ रहे 6 तहसीलदारों पर अर्थदंड लगाया है। इंदौर हाईकोर्ट ने इसे अधिकारियों की गंभीर लापरवाही मानते हुए 7 दिन के भीतर 60 हजार रुपए की राशि मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा कराने का आदेश दिया है। मामला उज्जैन की राजस्व कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति से जुड़ा है। याचिकाकर्ता संस्था का आरोप है कि जमीन पर अवैध कब्जा होने के बावजूद प्रशासन उसे हटाने के लिए कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि तहसीलदार की ओर से पहले ही कब्जा हटाने का आदेश दिया जा चुका है। 2021 से 2026 के बीच पदस्थ रहे अधिकारी जिम्मेदार इंदौर हाई कोर्ट की खंडपीठ में जस्टिस संदीप भट्ट की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने पाया कि पिछले 5 साल से शासन की ओर से जवाब ही पेश नहीं किया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने कहा कि इतने लंबे समय तक जवाब दाखिल नहीं करना अधिकारियों की गंभीर लापरवाही है। इससे न्याय मिलने की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है। कोर्ट ने 60 हजार रुपए की राशि सात दिन के भीतर मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा कराने का आदेश दिया है। यह राशि 2021 से 2026 के बीच संबंधित पद पर रहे अधिकारियों से बराबर वसूल की जा सकती है।