national
संसद सत्र से पहले PM मोदी ने बुलाई कैबिनेट बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर होगी बात

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कैबिनेट मीटिंग 27 नवंबर की दोपहर एक बजे से 'सेवा तीर्थ' में होगी. कैबिनेट मीटिंग में यह बिल पारित कराने के लिए जरूरी बदलावों पर बात हो सकती है. सरकार उन बदलावों पर विचार कर सकती है, जिन पर शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और समाजवादी पार्टी जैसे विपक्षी दलों को आपत्ति है. सरकार की कोशिश ऐसे दलों को बिल का समर्थन करने के लिए तैयार करने की है. यह संशोधन विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकेगा.
30 नवंबर से फिर शुरू होगी लोकसभा की बैठक
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को बताया कि संसद के मानसून सत्र के तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से फिर शुरू होगी. जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के बाद दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है.
दरअसल, संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी. हालांकि, सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था. ऐसे में 100 दिनों से अधिक समय बीतने के बाद दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाई जा रही है.
2029 के चुनाव से पहले 33% महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
सरकार संसद के आगामी सत्र में संविधान संशोधन विधेयक और उससे जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पारित कराने की कोशिश में है. इन विधेयकों का मकसद परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 करना है. इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है.
इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान सरकार संविधान संशोधन विधेयक लेकर आई थी, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था. सरकार के पास उस समय विधेयक को पास कराने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं था.
विधेयक पास कराने के लिए चाहिए दो-तिहाई बहुमत
संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा से पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है. 543 सीटों वाली लोकसभा में इसके लिए 361 सदस्यों का समर्थन चाहिए. हालांकि, फिलहाल तीन सीटें खाली हैं और सदन में कुल 540 सदस्य हैं.
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास करीब 320 सांसद हैं. ऐसे में विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को विपक्षी दलों के कुछ सांसदों का भी समर्थन जुटाना होगा.
इसके अलावा विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना भी सरकार के लिए चुनौती होगी. हंगामे और शोर-शराबे के बीच संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराना आसान नहीं होगा.
बदले राजनीतिक समीकरण से सरकार को मिल सकती है मदद
अप्रैल में विधेयक के गिरने के बाद से लोकसभा के राजनीतिक समीकरण में भी बदलाव आया है. विपक्षी खेमे के 26 सांसदों के पाला बदलने से सरकार की स्थिति पहले के मुकाबले मजबूत हुई है.
तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी से अलग होकर 'नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) में विलय कर लिया है. इन सांसदों ने NDA को समर्थन देने का वादा किया है. वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद भी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं.
हालांकि, इन बदलावों के बावजूद सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी. ऐसे में लोकसभा में 22 सांसदों वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और आठ सांसदों वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) की भूमिका अहम हो सकती है.
मोदी ने मंत्रियों को दिल्ली में रहने का दिया निर्देश
इससे पहले बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को संसद सत्र की तैयारियां पूरी रखने को कहा था. उन्होंने मंत्रियों को अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में उपलब्ध रहने और विदेश यात्रा समेत अन्य कार्यक्रम टालने की सलाह दी थी.
सरकार की तैयारियों से संकेत मिल रहे हैं कि वह आगामी संसद सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर आगे बढ़ना चाहती है. अब सबकी नजर शुक्रवार की कैबिनेट बैठक और संसद के आगामी सत्र पर है.
ये भी पढ़ें: 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, सरकार ने बुलाया संसद सत्र