समाचार · झारखंड
अंतरिक्ष से धरती पर लौटेंगे भारतीय रॉकेट, 10 गुना तक घटेगा लॉन्चिंग का खर्च

जमशेदपुर : अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने के बाद अब भारत की नजर रॉकेट को सुरक्षित धरती पर वापस लाने पर है. इसरो और देश के निजी स्पेस स्टार्टअप ऐसी तकनीक विकसित करने में जुटे हैं, जिससे एक ही रॉकेट का पांच से दस बार तक दोबारा इस्तेमाल किया जा सकेगा. इससे अंतरिक्ष मिशनों की लॉन्चिंग लागत मौजूदा खर्च के मुकाबले पांचवें से दसवें हिस्से तक घट सकती है. भारतीय अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष डॉ जेडी पाटिल ने गुरुवार को जमशेदपुर में यह जानकारी दी. वे सीएसआइआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान संस्थान के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधुरी भी मौजूद थे.
पुनः उपयोग किया जा सकेगा रॉकेट
पत्रकारों से बातचीत में डॉ पाटिल ने बताया कि फिलहाल रॉकेट लॉन्च होने के बाद समुद्र में गिरकर नष्ट हो जाता है. लेकिन री-यूजेबल लॉन्च व्हीकल तकनीक के जरिए उसे सुरक्षित वापस लाकर दोबारा इस्तेमाल करना संभव होगा. इससे भारत के अंतरिक्ष अभियानों की लागत में बड़ी कमी आएगी. उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक के दम पर भारत का लॉन्च व्हीकल प्रोजेक्ट पहले से ही अमेरिका और यूरोप की तुलना में 15 से 20 गुना सस्ता है. एक लॉन्च व्हीकल तैयार करने में करीब 500 से 600 करोड़ रुपये खर्च होते हैं. रॉकेट के पुनः उपयोग की तकनीक विकसित होने से भारत वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में और मजबूत स्थिति हासिल कर सकेगा.
2047 तक तीन गुना हो जायेगा भारत का स्टील उत्पादन
भारत की स्टील उत्पादन क्षमता मौजूदा 203 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2047 तक 600 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान है. डॉ जेडी पाटिल ने कहा कि इतनी बड़ी उत्पादन क्षमता के साथ कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करना भी बड़ी चुनौती होगी. पुरानी तकनीक के सहारे कार्बन न्यूट्रल लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है. इसे देखते हुए सीएसआइआर-एनएमएल ब्लास्ट फर्नेस में कोक के विकल्प के रूप में हाइड्रोजन, बायोगैस और सिन-गैस के इस्तेमाल पर काम कर रहा है. इसका उद्देश्य कम ऊर्जा खपत और न्यूनतम या शून्य कार्बन उत्सर्जन के साथ ग्रीन स्टील का उत्पादन करना है.
30 करोड़ से एनएमएल में बनेगी हाइड्रोजन पाइपलाइन टेस्टिंग लैब
हाइड्रोजन के सुरक्षित परिवहन की दिशा में भी भारत बड़ी तैयारी कर रहा है. सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधुरी ने बताया कि हाइड्रोजन परिवहन में इस्तेमाल होने वाली पाइपलाइन की सामग्री की जांच की सुविधा फिलहाल जर्मनी और इटली में उपलब्ध है. भारत में ऐसी सुविधा विकसित करने के लिए केंद्र सरकार ने पहले चरण में 30 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. एनएमएल के दूसरे कैंपस में हाइड्रोजन पाइपलाइन टेस्टिंग लैब स्थापित की जायेगी. यहां पाइपलाइन की सामग्री की जांच के साथ वैश्विक मानकों के अनुरूप तकनीकी सुविधाएं विकसित की जायेंगी. इसके वर्ष 2027 के मध्य तक शुरू होने की उम्मीद है.
2035 तक बनने वाले भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए तैयार होगा खास मटेरियल
भारत वर्ष 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सीएसआइआर-एनएमएल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की तैयारी में है. डॉ संदीप घोष चौधुरी ने बताया कि अंतरिक्ष स्टेशन में लंबे समय तक रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों और वहां मौजूद सूक्ष्मजीवों के कारण संरचनात्मक सामग्री में क्षरण (कोरोजन) की आशंका रहती है. इससे स्टेशन की संरचना प्रभावित हो सकती है. इस चुनौती से निपटने के लिए विशेष मटेरियल विकसित करने को लेकर अंतरिक्ष विभाग के साथ बातचीत चल रही है. इसके अलावा एमएनआरइ, इस्पात एवं खान मंत्रालय, बीएआरसी और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर भी संस्थान काम कर रहा है. इनमें ग्रेफाइट शुद्धिकरण के लिए मिला 10 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट भी शामिल है.
स्काईरूट के स्पेस वेंडर्स को 3डी प्रिंटिंग तकनीक से मिलेगी मदद
भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को मजबूत बनाने में भी एनएमएल तकनीकी सहयोग दे रहा है. संस्थान के निदेशक ने बताया कि निजी स्पेस स्टार्टअप स्काईरूट के लॉन्च व्हीकल के कंपोनेंट बनाने वाली कंपनियों के साथ बातचीत चल रही है. इन वेंडर्स को 3डी प्रिंटिंग के जरिये पुर्जे तैयार करने में मदद दी जायेगी. एनएमएल के पास 3डी प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाला विशेष पाउडर तैयार करने की स्वदेशी तकनीक है. इससे देश में ही अंतरिक्ष अभियानों के लिए जरूरी उपकरणों और कंपोनेंट्स के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही विदेशी तकनीक पर निर्भरता भी कम होगी.
एनएमएल की कुल रिसर्च आय का 66 फीसदी हिस्सा इंडस्ट्री से
शोध और तकनीक हस्तांतरण के क्षेत्र में सीएसआइआर-एनएमएल ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है. डॉ संदीप घोष चौधुरी के अनुसार, संस्थान की रिसर्च से होने वाली कुल कमाई का करीब दो-तिहाई यानी 66 फीसदी हिस्सा सीधे उद्योगों से मिलने वाले प्रोजेक्ट्स और तकनीक हस्तांतरण से आता है. यह संस्थान और उद्योगों के बीच बढ़ते तकनीकी सहयोग को दर्शाता है. वहीं, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में चिप डिजाइनिंग, देश की पहली फैबलेस सेमीकंडक्टर कंपनी और थ्री-डी चिप तकनीक को भविष्य की महत्वपूर्ण जरूरतों के रूप में देखा जा रहा है.