Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

11वें नंबर पर उतरकर जयदेव उनादकट ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में तोड़ दिया सालों पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

INT News26 November 2026 at 11:42 pm

Jaydev Unadkat T20 World Records : इंदौर के होलकर स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में जयदेव उनादकट ने अपने बल्ले से इतिहास रच दिया. आमतौर पर अपनी तेज गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले उनादकट ने इस बार बल्लेबाजी में ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कोई उनकी तारीफ करने लगा.

तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे. सौराष्ट्र की तरफ से चेतन सकारिया ने शानदार गेंदबाजी की और 37 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं कप्तान उनादकट ने भी एक विकेट अपने नाम किया.

जवाब में उतरी सौराष्ट्र की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. एक के बाद एक विकेट गिरते गए और टीम 92 रन तक पहुंचते-पहुंचते 9 विकेट गंवा चुकी थी. ऐसा लग रहा था कि तमिलनाडु आसानी से मैच जीत जाएगा. लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ, उसने मुकाबले को खास बना दिया.

आखिरी विकेट पर उनादकट ने पलट दिया मैच का रोमांच

नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने उतरे उनादकट ने तमिलनाडु के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने महज 26 गेंदों पर 40 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.

दूसरे छोर पर चेतन सकारिया भी डटे रहे. दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर आखिरी विकेट के लिए 49 गेंदों में 62 रन जोड़ दिए. इस दौरान सौराष्ट्र की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गईं.

हालांकि, दोनों की यह कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी. सौराष्ट्र की पूरी टीम 154 रन पर आउट हो गई और तमिलनाडु ने 38 रनों से मुकाबला जीत लिया.

ये भी पढ़ें: Rising Stars Asia Cup 2026: श्रीलंका ए ने भारत ए को 8 विकेट से हराया, 8.3 ओवर बाकी रहते हासिल किया 318 रन का लक्ष्य

टी20 में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड

उनादकट की 40 रनों की पारी सिर्फ सौराष्ट्र के लिए ही खास नहीं रही, बल्कि टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड में भी उनका नाम दर्ज हो गया.

वह टी20 क्रिकेट में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड बेल्जियम के खालिद अहमदी के नाम था. उन्होंने 2021 में माल्टा के खिलाफ नंबर-11 पर उतरकर नाबाद 31 रन बनाए थे.

उनादकट ने 40 रन बनाकर उनका रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. यानी अब टी20 क्रिकेट में आखिरी नंबर पर उतरकर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भारतीय गेंदबाज के नाम है.

आखिरी विकेट की साझेदारी में भी बराबरी का विश्व रिकॉर्ड

उनादकट और सकारिया ने सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड ही नहीं बनाया, बल्कि अपनी साझेदारी से भी इतिहास रच दिया.

दोनों ने 10वें विकेट के लिए 62 रन जोड़े. टी20 क्रिकेट में आखिरी विकेट के लिए यह संयुक्त रूप से सबसे बड़ी साझेदारी है.

इससे पहले पनामा के खेंगर अहीर और निकुंज अहीर ने 2021 में अर्जेंटीना के खिलाफ 62 रनों की साझेदारी की थी. उनादकट और सकारिया ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

ये भी पढ़ें: SMAT 2026: सुपर लीग में पहुंचीं 8 टीमें, जानिए किस ग्रुप में किससे होगी टक्कर?

आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले दोनों खिलाड़ियों की चर्चा

उनादकट और सकारिया का यह प्रदर्शन आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले काफी अहम माना जा रहा है. दोनों खिलाड़ियों के पास आईपीएल में खेलने का अनुभव है और इस मुकाबले में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से भी प्रभावित किया.

खास बात यह है कि जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया दोनों ने आईपीएल 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. बीसीसीआई की शुरुआती सूची में कुल 1,220 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं. उनादकट कैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की सूची में हैं, जबकि सकारिया अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की श्रेणी में दर्ज हैं.

आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी. हालांकि, रजिस्ट्रेशन कराने का मतलब यह नहीं है कि दोनों का नाम अंतिम नीलामी सूची में भी शामिल होगा. फ्रेंचाइजी की पसंद के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी.