समाचार · मध्य प्रदेश
ऐशबाग के जनता क्वार्टर का एक घर आज टूटेगा:40 साल पहले 5.73 एकड़ में था प्रोजेक्ट; अब 4 एकड़ ही बची
भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर का एक घर शुक्रवार को तोड़ा जाएगा। इसके बाद यहां के सभी 600 घर टूट जाएंगे। 599 क्वार्टर 23 नवंबर को तोड़े गए थे। शेष बचे एक मकान को लेकर हाईकोर्ट ने मोहलत दी थी। फरियादी को कलेक्टर रेट के हिसाब से हर महीने करीब 1,405 रुपए किराया मिलेगा। ब्लॉक नंबर 465 से अदालती स्टे हट गया है। इसके बाद प्रशासन अब इसे खाली कराकर ध्वस्त करेगा। शुक्रवार को यह कार्रवाई होगी। जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के पास केवल एक ही वैध आवंटित फ्लैट (465) था। उसने तीन अन्य फ्लैट्स पर अवैध कब्जा कर रखा था। सुनवाई के दौरान फरियादी के समय मांगने पर कोर्ट ने उसे नया ठिकाना खोजने के लिए 7 दिन की मोहलत दी है। इस दौरान उसे रैन बसेरे में ठहराया जाएगा। उसे अन्य प्रभावितों की तरह कलेक्टर रेट से निर्धारित किराया (लगभग ₹1,405 प्रतिमाह) भी दिया जाएगा। इधर, 1.73 एकड़ जमीन कम हो गई
जर्जर ईडब्ल्यूएस मकान तोड़ने के बाद अब री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए प्राइमरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट (पीपीआर) तैयार की जा रही है। इसे बोर्ड मीटिंग में रखा जाएगा और फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनेगी। इस बीच जांच में सामने आया कि 5.73 एकड़ की जगह मौके पर 4 एकड़ ही जमीन है। यानी, 1.73 एकड़ जमीन का अंतर डिजिटली सर्वे में सामने आया। आगे यह तैयारी
हाउसिंग बोर्ड दोबारा सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है। ताकि उपलब्ध जमीन की सटीक माप के आधार पर प्रोजेक्ट तैयार किया जा सके। अब तक रिकॉर्ड में दर्ज 5.73 एकड़ जमीन के आधार पर योजना बनाई जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, कॉलोनी के चारों ओर सड़कें बनाई गई हैं और खाली जगह पर पानी की टंकी भी निर्मित है। जमीन कम मिलने की वजह अतिक्रमण मानी जा रही है। इन खसरों पर बनी है कॉलोनी
एमपी हाउसिंग बोर्ड ने ऐशबाग की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का निर्माण खसरा नंबर 801, 802, 803, 804 व 870 के अंशभाग में 1986-87 में कराया था। वर्ष 1992 में कॉलोनी निगम को हस्तांतरित की गई। 16 अगस्त 2016 को भवनों को जर्जर घोषित किया गया। 40 साल पहले बने थे जनता क्वार्टर
जनता क्वार्टर में 600 ईडब्ल्यूएस घरों को हाउसिंग बोर्ड ने वर्ष 1986-87 में बनाया था। 23 अक्टूबर 1992 को इन्हें भोपाल नगर निगम को हस्तांतरित किया था। निगम ने करीब 30 साल बाद 16 अगस्त 2016 को इन्हें जर्जर घोषित कर था। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड ने 2 मार्च-18 को रहवासियों को जर्जर भवन को रिक्त कर नोटिस जारी किए थे। हालांकि, इसके बाद इन्हें खाली कराने के लिए 14 जून 2021 को नोटिस भी जारी किए। 13 नवंबर-26 को फाइनल चेतावनी दी गई और 23 नवंबर को घरों को जमींदोज कर दिया गया।