Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

ज्वेलरी दुकान में डकैती की कोशिश में 5 गिरफ्तार:CCTV कैमरे पर कागज चिपकाकर छिपाई पहचान, 3 आरोपी गिरफ्तार और 2 नाबालिग भी पकड़े गए

INT News26 November 2026 at 10:54 pm

रायपुर के खमतराई इलाके में ज्वेलरी दुकान में डकैती की कोशिश करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे पर कागज चिपकाकर उसे ढंक दिया था। इसके बाद गैस कटर से दुकान का ताला काटा, लेकिन चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग बालक और एक बालिका को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे की है। खमतराई के श्रीनगर में सुरेश ज्वेलर्स के संचालक सुरेश धीमन 13 नवंबर को दुकान बंद कर बाहर गए थे। 18 नवंबर को लौटने के बाद घटना का पता चला। दुकान के कैमरे पर कागज चिपका हुआ था और ताला गैस कटर से काटा गया था। घटना की शिकायत मिलने के बाद खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद के बारे में जानकारी मिली। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक नाबालिग बालक और बालिका के साथ मिलकर वारदात की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों नाबालिगों को भी पकड़ा गया। गैस सिलेंडर, कटर मशीन और मोबाइल जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा अन्य सामान भी बरामद किया गया है। शुरुआत में पुलिस ने मामले में चोरी के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया था। जांच के दौरान डकैती के प्रयास से जुड़े साक्ष्य मिलने पर केस में BNS की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है। ये आरोपी गिरफ्तार वासुदेव सरकार (25), निवासी शिवानंद नगर, सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, खमतराई। गुंजन बार (18), निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान पता शिवानंद नगर, खमतराई। नाज नौशाद सनादी (34), निवासी शिवानंद नगर, खमतराई। एक नाबालिग बालक। एक नाबालिग बालिका।