समाचार · मध्य प्रदेश
बीच सड़क पर सुतली बम फोड़ने वाले आरोपी पकड़ाए:छिंदवाड़ा में दीपावली की रात कर रहे थे लोगों को परेशान, 7 युवक पकड़ाए, 2 फरार
छिंदवाड़ा के गुलाबरा क्षेत्र में दीपावली की रात सड़क पर सुतली बम और रॉकेट छोड़कर हुड़दंग करने वाले सात युवकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। युवक देर रात तक सड़क पर आतिशबाजी कर रहे थे। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हुई। मामले में पुलिस ने सात युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि उनके दो साथी अभी फरार हैं। एसपी अजय पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने गुलाबरा क्षेत्र में दीपावली की रात हुए हुड़दंग में शामिल युवकों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दायरे में आए युवकों के नाम पार्थ, देवेश, अमोल, श्लोक, कार्तिक, अमन और प्रिंस हैं। दो अन्य युवकों की तलाश जारी पुलिस अब इस मामले में शामिल दो अन्य युवकों की तलाश कर रही है। एसपी अजय पांडे ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने और आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।