Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सोनाखान के स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा, डीआरएम ने किया सम्मानित

INT News10 November 2026 at 06:52 pm

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सोनाखान स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया. ड्यूटी के दौरान उन्होंने गुजर रही एक खाली मालगाड़ी के 18वें वैगन के एक्सल के पास आग की लपटें देखीं. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित कर्मचारियों व तकनीकी विभाग को इसकी सूचना दी. उनकी इस कर्तव्यनिष्ठा के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने उन्हें कार्यालय में पुरस्कृत कर सम्मानित किया.

वैगन के एक्सल के पास दिखीं आग की लपटें

घटना 7 नवंबर की रात 11:36 बजे की है. स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान सोनाखान स्टेशन से एक खाली मालगाड़ी गुजर रही थी. उन्होंने मालगाड़ी के इंजन से 18वें वैगन के एक्सल के पास आग की लपटें निकलती देखीं. बिना देर किए उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन को इसकी जानकारी दी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित तकनीकी विभागों को भी तत्काल सूचना दी.

ये भी पढ़ें : Video : पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के आवास पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों लोगों ने ग्रहण किया काली पूजा का महाप्रसाद

जांच में मिली तकनीकी खराबी, वैगन को किया गया अलग

सूचना मिलते ही तकनीकी विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित वैगन की जांच की. जांच के दौरान वैगन में तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई. इसके बाद उसे मालगाड़ी से अलग करने के लिए तत्काल मेमो जारी किया गया और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई.

डीआरएम ने सराहना कर किया सम्मानित

रेलवे सुरक्षा के प्रति आदित्य पांडेय की सजगता और त्वरित निर्णय क्षमता की मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने सराहना की. उन्होंने स्टेशन मास्टर को कार्यालय में सम्मानित कर पुरस्कृत किया. चक्रधरपुर मंडल प्रशासन ने उनकी कार्रवाई को रेल परिचालन में संरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है.

ये भी पढ़ें : 650 लोगों के 1900 सुझावों के बाद टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क की तीनों बाघिनों के नाम तय, जानें क्या रखे गए नाम