समाचार · पंजाब
रोपड़ में पटाखा चलाते समय युवक की मौत:शॉर्ट्स बम मुंह और छाती के पास फटा, पत्नी और चार साल का बेटा छत पर थे
रोपड़ में दीपावली के अगले दिन पटाखे चलाते समय हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपने परिवार के साथ घर की छत पर पटाखे चला रहा था। शॉर्ट्स बम चलाने के दौरान पटाखा तय दूरी तक जाने के बजाय तुरंत फट गया। उस समय युवक उसे जलाने के लिए नीचे झुका हुआ था। अचानक हुए धमाके से पटाखा उसके मुंह और छाती के पास फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय उसकी पत्नी और चार साल का बेटा भी छत पर मौजूद थे। इस घटना से परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी और बेटे के साथ छत पर पटाखे चला रहा था मृतक की पहचान गांव सैनी माजरा निवासी अनुपम उर्फ निप्पी सैनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, निप्पी रात करीब साढ़े 9 बजे अपनी दुकान बंद करके घर पहुंचे थे। इसके बाद वह पत्नी और बेटे के साथ छत पर पटाखे चलाने लगे। इसी दौरान शॉर्ट्स बम चलाते समय यह हादसा हो गया। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। घायल निप्पी को तुरंत नूरपुरबेदी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेस्टोरेंट चलाने के साथ जैविक खेती से भी जुड़े थे स्थानीय लोगों के अनुसार, निप्पी सैनी नूरपुरबेदी-गढ़शंकर मुख्य मार्ग पर गुरु किचन नाम से रेस्टोरेंट चलाते थे। इसके अलावा वह जैविक खेती का काम भी करते थे। दीपावली के अवसर पर उन्होंने अपने रेस्टोरेंट के पास पटाखों की दुकान भी लगाई थी। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। 4 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया निप्पी सैनी अपने पीछे पत्नी, 4 साल का बेटा और माता-पिता को छोड़ गए हैं। जिस बेटे के साथ वह कुछ देर पहले तक दीपावली की खुशियां मना रहे थे, अब उसी मासूम के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार के सामने हुए इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर कोई इस असमय हुई मौत से दुखी है।