समाचार · मध्य प्रदेश
देवपुरा के बारह खंबा मेले में उमड़े श्रद्धालु:1 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे, दूध से किया देवशिला का अभिषेक; सालभर रोगमुक्त रहने की मान्यता
सीहोर के देवपुरा में बारह खंबा मेले में आज एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही ग्रामीणों के आने का सिलसिला जारी है। कल 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे। यह मेला इछावर तहसील के देवपुरा गांव में लगता है। यहां जनजातीय समुदाय के लोग अपने आराध्य देव की शिला पर दूध चढ़ाकर पूजा करते हैं और पशुओं के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं। सुबह से शाम तक हजारों लीटर दूध से देवशिला का अभिषेक किया जाता है। मान्यता है कि देवशिला पर अपने दुधारू पशु का दूध चढ़ाने से वह साल भर रोगमुक्त रहते हैं। जनजातीय समुदाय के अलावा दूसरे वर्गों के श्रद्धालु भी मेले में आते हैं। मेले में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की बात कही गई है। बारह खंबा मेला इछावर में प्राचीन समय से लगता आ रहा है। इछावर से 15 किलोमीटर दूर देवपुरा गांव में जनजातीय समुदाय के आराध्य देव की शिला है। इसे बारह खंबा वाले देव महाराज के नाम से जाना जाता है। पहले यह 12 शिला स्तंभों से बने छत के नीचे थी। इसी वजह से इस जगह का नाम बारह खंबा पड़ा। अब देवपुरा गांव को भी बारह खंबा के नाम से जाना जाता है। मेले से जुड़ी एक लोककथा के मुताबिक, गांव के एक किसान के पशु लगातार बीमार पड़ते थे और कुछ समय बाद मर जाते थे। एक दिन जंगल में मिले ग्वाले ने किसान को बारह खंबों के बीच मौजूद देवशिला पर पड़वा के दिन दूध चढ़ाने को कहा। उसने बताया कि इससे पशु साल भर स्वस्थ रहेंगे। किसान ने यह बात गांव वालों को बताई। तभी से दीपावली के दूसरे दिन यानी पड़वा पर देवशिला पर दूध चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई और मेला लगने लगा।