Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दीपावली के 3 दिनों में सिम्स पहुंचे 1156 मरीज:पटाखों से झुलसने के 14 मामले; सड़क हादसों और मारपीट के मरीज भी आए

INT News10 November 2026 at 06:59 pm

बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दीपावली के दौरान 7 से 9 नवंबर तक 3 दिनों में 1156 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें सड़क हादसों, मारपीट, पटाखों से झुलसने और सांस लेने में तकलीफ के मरीज शामिल थे। अस्पताल में 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 1087 मरीजों का ओपीडी में इलाज हुआ। अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, तीन दिनों में सड़क हादसों के 25 मरीज भर्ती किए गए, जबकि 896 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे। मारपीट के 10 मरीज भर्ती हुए और 150 मरीजों ने ओपीडी में इलाज कराया। पटाखों से झुलसने के 14 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 35 मरीजों का ओपीडी में इलाज हुआ। आंखों में संक्रमण और चोट के 6 मरीज ओपीडी पहुंचे। वहीं, सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया गया। डॉक्टरों और एम्बुलेंस को रखा गया अलर्ट दीपावली के दौरान आकस्मिक इलाज के लिए सिम्स प्रबंधन ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा था। संयुक्त संचालक और चिकित्सा अधीक्षक के निर्देश पर सिम्स सहित अन्य अस्पतालों में एम्बुलेंस और स्टाफ को शिफ्ट के हिसाब से तैयार रखा गया। विभागाध्यक्षों और यूनिट प्रभारियों को आकस्मिक ड्यूटी का रोस्टर स्पष्ट रखने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही कंसल्टेंट, सीनियर और जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता भी तय की गई थी। अधिष्ठाता और चिकित्सा अधीक्षक ने किया निरीक्षण सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देशन में दीपावली के दौरान अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने आपातकालीन इलाज की व्यवस्था पर नजर रखी और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों व कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की। आपातकालीन स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के फोन नंबर 222301 पर संपर्क किया जा सकता है।