समाचार · झारखंड
650 लोगों के 1900 सुझावों के बाद टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क की तीनों बाघिनों के नाम तय, जानें क्या रखे गए नाम

जमशेदपुर : टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क में 23 सितंबर को जन्मी तीनों नन्हीं बाघिनों को अब उनकी पहचान मिल गई है. पार्क प्रबंधन ने तीनों शावकों के नाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं. इनके नाम ‘अवनि’, ‘काइरा’ और ‘शक्ति’ रखे गए हैं. खास बात यह है कि इन नामों का चयन शहरवासियों से मिले सुझावों के आधार पर किया गया है.
650 से अधिक लोगों ने भेजे 1900 से ज्यादा नाम
शावकों के नामकरण के लिए पार्क प्रबंधन की ओर से अभियान चलाया गया था. इसमें जमशेदपुर और आसपास के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. व्हाट्सएप और डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से 650 से अधिक प्रतिभागियों ने 1900 से ज्यादा नाम सुझाए. शुरुआत में एक शावक को नर मानते हुए नर और मादा, दोनों तरह के नाम मांगे गए थे. हालांकि, नवजात शावकों का लिंग शुरुआती दौर में स्पष्ट कर पाना मुश्किल होता है. बाद में जांच में पुष्टि हुई कि तीनों शावक मादा हैं. इसके बाद चयन प्रक्रिया में बदलाव कर केवल मादा नामों पर विचार किया गया.
ये भी पढ़ें : Video : पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के आवास पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों लोगों ने ग्रहण किया काली पूजा का महाप्रसाद
‘शक्ति’ नाम को मिला सबसे अधिक समर्थन
लोगों से मिले सुझावों की समीक्षा के बाद तीन नामों को अंतिम रूप दिया गया. इनमें ‘अवनि’ का अर्थ पृथ्वी है. यह नाम तीन लोगों ने सुझाया था. वहीं, ‘काइरा’ का अर्थ उज्ज्वल या प्रकाशमान है. इसे चार लोगों ने प्रस्तावित किया था. तीसरे शावक का नाम ‘शक्ति’ रखा गया है, जो सर्वोच्च नारी शक्ति का प्रतीक है. इस नाम को सबसे अधिक 14 लोगों ने सुझाया था.
चयनित नाम सुझाने वालों को किया जाएगा सम्मानित
टाटा स्टील जियोलॉजिकल पार्क प्रबंधन जल्द ही उन नागरिकों को सूचित करेगा, जिनके सुझाए गए नामों का चयन किया गया है. उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा. प्रबंधन ने नामकरण अभियान में भाग लेने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया है. पार्क प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के सार्वजनिक सहभागिता कार्यक्रमों से चिड़ियाघर और समुदाय के बीच जुड़ाव मजबूत होता है. साथ ही वन्यजीवों के प्रति शिक्षा, जागरूकता और संरक्षण की सामूहिक भावना को भी बढ़ावा मिलता है.
ये भी पढ़ें : 60 करोड़ के डिग्री कॉलेज भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, कहीं लोकल छड़ तो कहीं मिट्टीयुक्त बालू का इस्तेमाल