समाचार · पंजाब
MP अमृतपाल ने दादी के संस्कार के लिए मांगी पैरोल:अमृतसर कोर्ट में याचिका दायर; जज के 2 दिन छुट्टी पर होने से सुनवाई टली
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया। उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दिलाने के लिए कानूनी टीम पैरोल याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रही है। उनके चाचा हरजीत सिंह और सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी अंतरिम जमानत मांगी जाएगी। वारिस पंजाब दे के नेता और मीडिया इंचार्ज शमशेर सिंह पधरी ने अमृतसर अदालत परिसर में पत्रकारों को बताया कि याचिका अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश परिंदर सिंह की अदालत में पेश की जानी थी। सरकारी छुट्टी के बाद वकील अदालत पहुंचे, लेकिन जज 2 दिन की छुट्टी पर थे। इसलिए सुनवाई नहीं हो सकी। पधरी ने कहा कि जज के लौटने पर याचिका प्राथमिकता के आधार पर पेश की जाएगी। परिवार चाहता है कि अमृतपाल सिंह अपनी दादी की अंतिम यात्रा और संस्कार में शामिल हों। माता चरण कौर के बेटे हरजीत सिंह और सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी अंतरिम जमानत मांगी जा रही है। कानूनी पैनल के प्रतिनिधि ने बताया कि माता चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था। उनकी अंतिम इच्छा अपने पोते अमृतपाल सिंह से मिलने की थी। पहले भी दायर की जा चुकी याचिका इससे पहले भी अमृतपाल सिंह से मिलने की अनुमति के लिए अदालत में याचिका लगाई गई थी। प्रतिनिधि के मुताबिक, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर अनुमति नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत ने 10 मिनट की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की अनुमति दी थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी व्यवस्था भी नहीं की।