समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में दो शिकायतें पहुंचीं:बेटी ने पिता पर धमकी देने का आरोप लगाया, एसएसबी जवान ने 25 लाख की चोरी की जांच मांगी
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में शिकायतें पहुंचीं। पहली शिकायत में भोपाल निवासी 18 वर्षीय रिया सेन ने अपने पिता पर भरण-पोषण का केस वापस लेने के लिए मां और मायके पक्ष को धमकाने का आरोप लगाया। वहीं, दूसरी शिकायत में एसएसबी जवान रणजीत सिंह तोमर ने अपने घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने चोरी गए जेवरात और जरूरी दस्तावेज बरामद कराने की मांग की। भरण-पोषण का केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप पहले मामले में मीनाक्षी सेन ने अपने पति मनोज सेन निवासी पुरानी शिवपुरी के खिलाफ शिकायत दी है। आवेदन के मुताबिक, भोपाल के कुटुंब न्यायालय में भरण-पोषण से जुड़ा मामला एमजेसीआर 148/24 चल रहा है। महिला का आरोप है कि पति भरण-पोषण की राशि जमा नहीं कर रहा है। इस मामले में न्यायालय ने 26 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। मीनाक्षी का आरोप है कि पति उन पर और मायके पक्ष के सदस्यों पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहा है। साथ ही जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। परिवार की सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर उनकी 18 वर्षीय बेटी रिया सेन आवेदन लेकर एसपी कार्यालय पहुंची। SSB जवान ने चोरी की जांच पर उठाए सवाल दूसरे मामले में एसएसबी की 10वीं वाहिनी में श्रीनगर में पदस्थ जवान रणजीत सिंह तोमर ने करैरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की शिकायत की जांच पर सवाल उठाए हैं। शिकायत के मुताबिक, 1 नवंबर की रात ग्राम झंडा स्थित उनके घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में करैरा थाने में अपराध क्रमांक 782/26 के तहत केस दर्ज है। तोमर का आरोप है कि परिवार ने करीब 15 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी चोरी होने की जानकारी दी थी, लेकिन एफआईआर में चोरी गए सामान की कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए दर्ज की गई। वहीं, समाचार पत्र में चोरी की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई थी। चोरी गए सामान में जेवरात के अलावा प्लॉट की रजिस्ट्री, बैंक पासबुक, बीमा दस्तावेज, पेंशन कार्ड और बच्चों के प्रमाण पत्र भी शामिल हैं। जवान ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।