समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में 15 नवंबर से 154 केंद्रों पर धान खरीदी:छोटे किसानों को पहले मौका, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा; बाहरी धान रोकने बैरियर सक्रिय
बिलासपुर जिले में 15 नवंबर से सभी 154 खरीदी केंद्रों पर धान खरीदी शुरू होगी। इस बार छोटे किसानों को पहले मौका दिया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों से 36 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है। सभी अधिकारियों को 15 नवंबर से पहले रिपोर्ट सौंपनी होगी। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी होगी। टोकन में 70% हिस्सा ‘तुहर टोकन’ ऐप और 30% समिति स्तर पर जारी किए जाएंगे। किसानों की सुविधा के लिए जिले में 14 नए खरीदी केंद्र खोले गए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को पिछले साल धान बेचने वाले, लेकिन इस साल अब तक पंजीयन नहीं कराने वाले किसानों से संपर्क कर उनका पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। बाहरी धान रोकने बैरियर पर जांच बाहरी धान की आवक रोकने के लिए मंडी और वन विभाग के बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। यहां वाहनों और उनमें लदे सामान की जांच की जा रही है। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ऋण पुस्तिका किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। इससे उसके गलत इस्तेमाल को रोका जा सकेगा और खरीदी का लाभ असली किसानों को मिलेगा। केंद्रों पर पहुंचे बारदाने, तिरपाल रखने के निर्देश बैठक में बताया गया कि खरीदी केंद्रों पर बारदाने पहुंच चुके हैं। इनमें 50% नए और 50% पुराने बारदाने हैं। बारिश की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने धान को सुरक्षित रखने के लिए पहले से पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन और योजनाओं की भी समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अन्य लंबित प्रकरणों के साथ सीएम हेल्पलाइन, पीएम सूर्यघर योजना, पारस पोर्टल, जनगणना कार्य और अधिकारियों द्वारा छात्रावासों के निरीक्षण की भी समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पचभाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।