समाचार · झारखंड
झारखंड के 24 जिलों में क्वालिटी कंट्रोल एक्सपर्ट की नियुक्ति, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Jharkhand Quality Control Expert Vacancy 2026 : झारखंड में खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य के सभी 24 जिलों में क्वालिटी कंट्रोल एक्सपर्ट की नियुक्ति की जायेगी. झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने संविदा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की है. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 नवंबर कर दी गयी है. प्रत्येक जिले में एक विशेषज्ञ की नियुक्ति होगी.
FCI के सेवानिवृत्त अधिकारी ही कर सकेंगे आवेदन
इस नियुक्ति के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) के क्वालिटी कंट्रोल कैडर से मैनेजर या उससे ऊपर के पद से सेवानिवृत्त अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थियों के पास खाद्यान्न की गुणवत्ता जांच, मूल्यांकन, भंडारण और संरक्षण के क्षेत्र में कम से कम 15 वर्षों का कार्य अनुभव होना जरूरी है. आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम उम्र 65 वर्ष निर्धारित की गयी है. इस तरह नियुक्ति में अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्राथमिकता नहीं, बल्कि निर्धारित पात्रता के आधार पर अवसर दिया जायेगा.
3 साल का होगा कार्यकाल, 2 साल बढ़ाने का भी प्रावधान
चयनित विशेषज्ञों की नियुक्ति शुरुआती तौर पर तीन वर्षों के लिए की जायेगी. कार्य प्रदर्शन और विभागीय आवश्यकता के आधार पर कार्यकाल दो वर्ष और बढ़ाया जा सकता है. विशेषज्ञों को अंतिम बार आहरित मूल वेतन में से मूल पेंशन घटाकर मानदेय दिया जायेगा. इसके अलावा नियमानुसार मकान किराया भत्ता (एचआरए) और परिवहन भत्ता भी मिलेगा.
ये भी पढ़ें: Ranchi Weather News : दिन में सुहावना, सुबह-शाम ठंडा रहेगा मौसम, जानें 12 नवंबर तक रांची का तापमान
खाद्यान्न की गुणवत्ता पर रखेंगे नजर
नियुक्त विशेषज्ञों को आवंटित जिले में खाद्यान्न की खरीद, भंडारण और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से होने वाले वितरण के दौरान गुणवत्ता की जांच करनी होगी. इसका उद्देश्य लाभुकों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाना और भंडारण से लेकर वितरण तक गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ियों पर निगरानी रखना है.
ये भी पढ़ें: अंबा प्रसाद के सरकारी आवास का मामला गरमाया, अब OBC मोर्चा ने भी जताया विरोध