समाचार · हरियाणा
राहुल मलिक हत्याकांड: बचपन के दोस्त आर्यन समेत साहिल गिरफ्तार:शराब के नशे में कहासुनी, फिर चाकू से किए छाती, पेट और पीठ पर वार
पानीपत के नांगल खेड़ी के राहुल मलिक हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों आर्यन और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान राहुल और उसके बचपन के दोस्त आर्यन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान साहिल भी तैश में आ गया और उसने राहुल की पीठ, छाती और पेट पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राहुल की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद, हाथापाई के बाद चाकू से हमला पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाली रात राहुल मलिक अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान राहुल और आर्यन के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी बीच साहिल भी गुस्से में आ गया और उसने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। राहुल के शरीर पर पीठ, छाती और पेट पर वार किए गए। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बचपन के दोस्त थे राहुल और आर्यन, साथ गए थे अमेरिका इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राहुल और मुख्य आरोपी आर्यन बचपन के दोस्त थे। दोनों नांगल खेड़ी गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों बेहतर भविष्य की उम्मीद में डंकी रूट के जरिये अमेरिका गए थे, लेकिन वहां से उन्हें डिपोर्ट कर दिया गया था। साहिल भी अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। परिवार ने चार युवकों पर लगाए थे आरोप राहुल की हत्या के बाद उसके परिजनों ने गांव के ही युवकों पर वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए थे। 20 अक्तूबर को विजयदशमी की रात विकास नगर और नांगल खेड़ी के बीच स्थित एक कार्यालय में दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। राहुल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां 21 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। गिरफ्तारी में देरी से नाराज परिजनों ने नागरिक अस्पताल के बाहर जीटी रोड पर जाम भी लगाया था। पुलिस के आश्वासन के बाद उन्होंने जाम खोल दिया था।