Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बीना रिफाइनरी के डंपर चालक की मौत:अशोकनगर में परिजन ने हत्या का आरोप लगाकर चक्काजाम किया, FIR की मांग

INT News26 October 2026 at 03:47 pm

अशोकनगर जिले के बीना-मुंगावली रोड पर नरखेड़ा वेयर हाउस के पास सोमवार सुबह 26 साल के एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। मृतक की बाइक सड़क किनारे पड़ी थी, जबकि उसका शव कुछ दूरी पर मिला। परिजन ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजन ने मुंगावली में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। बीना रिफाइनरी में डंपर चलाता था युवक मृतक की पहचान नरखेड़ा निवासी 26 वर्षीय नीरज लोधी (पिता घनश्याम लोधी) के रूप में हुई है, जो बीना रिफाइनरी में डंपर चलाने का काम करता था। परिजन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव के ही कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के सिलसिले में परिवार के लोग रविवार देर शाम पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने गए थे। परिजन का अंदेशा है कि रविवार शाम 7 बजे जब नीरज घर लौट रहा था, तभी रास्ते में विरोधियों ने उसे घेरकर उसकी हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में अचानक बाइक रोकता दिखा युवक परिजन का दावा है कि घटनास्थल के पास बने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में नीरज अचानक बाइक रोकता नजर आ रहा है, जिससे साफ लगता है कि सामने किसी को देखकर उसने गाड़ी रोकी होगी। मौके के हालात भी हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। परिजन का आरोप है कि पुलिस इसे महज एक सड़क हादसा मानकर मर्ग कायम कर रही है, जिससे वे नाराज हो गए। संदिग्ध आरोपी फरार परिजन का कहना है कि जिनसे उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी, वे घटना के बाद से ही गांव से फरार हैं। केस में हत्या की धारा न लगाए जाने से भड़के परिजन ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। वे पुलिस प्रशासन से संदिग्धों के खिलाफ नामजद हत्या की FIR दर्ज कर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हैं।