समाचार · बिहार
नीलम देवी को 25 नवंबर तक खाली करना होगा सरकारी आवास, पहले खत्म हुआ था राज्यमंत्री का दर्जा

Anant Singh : अनंत सिंह के परिवार को लेकर एक और कार्रवाई सामने आई है. उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को पटना के 1 मॉल रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने का निर्देश दिया गया है. आदेश के मुताबिक, उन्हें 25 नवंबर तक आवास खाली करना होगा.
पहले खत्म हुआ राज्यमंत्री का दर्जा
नीलम देवी को इससे पहले 20 सूत्री समिति के सदस्य पद से हटा दिया गया था. पार्टी की अनुशंसा पर हुई इस कार्रवाई के साथ उन्हें मिला राज्यमंत्री का दर्जा भी समाप्त कर दिया गया. अब सरकारी आवास खाली करने का आदेश जारी होने से नीलम देवी के सरकारी पद और आवास, दोनों से जुड़े मामले चर्चा में हैं.
अनंत सिंह पर JDU की कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
अनंत सिंह को जेडीयू से निष्कासित किए जाने के बाद उनके परिवार से जुड़ी ये कार्रवाई सामने आई है. विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया था और जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया था. इस रुख को पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना था.
विधानसभा सदस्यता को लेकर भी उठा सवाल
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर भी कार्रवाई की खबर आई है. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को दसवीं अनुसूची के तहत उनकी सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की गई है. लेकिन, सदस्यता पर अंतिम फैसला तय संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कांग्रेस ने अनंत सिंह को दिया न्योता
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेता अजीत शर्मा ने कहा था कि अनंत सिंह कांग्रेस में शामिल होना चाहें तो उनका स्वागत है. उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार का मौसम: 29 अक्टूबर को सभी जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, 40-50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा