समाचार · बिहार
बेगूसराय में जमीन के दाखिल-खारिज पर रोक के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल, CO कार्यालय के सामने धरना

Begusarai Farmers Protest Land Mutation : बेगूसराय जिले के मटिहानी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामदीरी-सिहमा दियारा कृषक संघर्ष समिति की ओर से अंचलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया. धरने की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने की. प्रदर्शनकारियों ने थाना नंबर 426, सिहमा बरारी की जमीन के दाखिल-खारिज पर कथित मौखिक रोक लगाने का विरोध किया. उन्होंने प्रशासन से रोक हटाने और मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग की.
1970-71 में जमीन की नापी और जमाबंदी होने का दावा
समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार अंजान ने कहा कि शासन और प्रशासन का रवैया जनविरोधी है. उन्होंने दावा किया कि थाना नंबर 426, सिहमा बरारी की जमीन की वर्ष 1970-71 में तत्कालीन मुंगेर जिलाधिकारी के आदेश पर नापी करायी गयी थी. इसके बाद जमाबंदी कायम कर लगान निर्धारित किया गया और नक्शा तैयार किया गया. उनके अनुसार, तब से जमीन का राजस्व भुगतान किया जा रहा है और जमीन की खरीद-बिक्री भी होती रही है.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड मौजूद हैं, तो बिना कोई स्पष्ट कारण बताये दाखिल-खारिज पर मौखिक रोक क्यों लगायी गयी है. उन्होंने कहा कि इस फैसले के खिलाफ किसानों को हर स्तर पर संघर्ष तेज करना होगा.
जमीन के स्वामित्व से जुड़े कागजात होने का दावा
पूर्व मुखिया संजीव कुमार सिंह ने कहा कि जमीन के स्वामित्व को प्रमाणित करने से संबंधित सभी कागजात उनके पास मौजूद हैं. इसके बावजूद अंचल प्रशासन का ऐसा व्यवहार उचित नहीं है. उन्होंने मामले में प्रशासन से स्पष्ट स्थिति सामने रखने की मांग की.
वहीं, पूर्व सरपंच फुलेना सिंह ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनसंघर्ष के माध्यम से ही न्याय हासिल किया जा सकता है. प्रदर्शनकारियों ने जमीन के दाखिल-खारिज पर लगायी गयी कथित रोक को हटाने की मांग की.
धरने में जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने लिया हिस्सा
धरने को सिहमा पंचायत के सरपंच सुरेश सिंह, पैक्स अध्यक्ष अवधेश सिंह, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष पूर्णेन्दु कुमार, पूर्व अध्यक्ष कृष्णानंद सिंह, किसान नेता अशोक सिंह, रविंद्र कुमार राष्ट्रीय, सिकंदर राज, रामसुंदर सिंह, जिला पार्षद झुना सिंह, पैक्स अध्यक्ष सह भाकपा के अंचल मंत्री रामाधार कुमार सहित कई लोगों ने संबोधित किया.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'सीओ की मनमानी नहीं चलेगी', 'थाना नंबर 426 के दाखिल-खारिज पर रोक क्यों, जवाब दो' और 'किसान विरोधी सरकार हाय-हाय' जैसे नारे लगाये. इससे धरनास्थल का माहौल आक्रोशपूर्ण बना रहा.
सहायक पदाधिकारी ने लिया मांग पत्र, आश्वासन के बाद धरना समाप्त
अंचलाधिकारी की अनुपस्थिति में सहायक पदाधिकारी शशि शेखर कुमार धरनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से मांग पत्र लिया और अपने स्तर से मांगों को पूरा कराने में हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया. इसके बाद धरने की अध्यक्षता कर रहे रामचंद्र सिंह ने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की.