Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायगढ़ में अफीम रखकर ग्राहक तलाशते युवक गिरफ्तार:ब्रेजा कार समेत 8.10 लाख की संपत्ति जब्त, ढिमरापुर चौक के पास पकड़ा गया

INT News26 October 2026 at 03:42 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अफीम बेचने के लिए एक युवक ढिमरापुर क्षेत्र में ग्राहक तलाश रहा था। तभी मामले की सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 47 ग्राम अफीम कीमत तकरीबन 10 हजार को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में अवैध रूप से अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने ढिमरापुर चौक के पास घेराबंदी की और संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक अमरजीत सिंह 20 साल, निवासी रामभांठा, जगतपुर को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखा 47 ग्राम अफीम बरामद हुआ।

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पूछताछ करने पर मादक पदार्थ रखने के संबंध में अमरजीत ने कोई जवाब नहीं दिया। पूछताछ में उसने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने 47 ग्राम अफीम, कीमत लगभग 10 हजार और ब्रेजा कार, कीमत करीब 8 लाख जब्त की। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 18(ग) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।