समाचार · छत्तीसगढ़
बच्चा चोरी के शक में 5 महिलाओं को पीटा:दुर्ग में पिटाई का वीडियो वायरल; टीआई बोले- पैसे मांगने पर हुआ विवाद
दुर्ग जिले के भिलाई-3 के नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को बच्चा चोरी के शक में महिलाओं की पिटाई से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। हालांकि पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विजय यादव ने बच्चा चोरी की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिलाएं घरों में घुसकर पैसे मांग रही थीं। इसी बात को लेकर गांव वालों से उनका विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक पांचों महिलाएं गांव में घूम रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि ये महिलाएं पहले भी गांव आती थीं। घटना के दौरान बच्चों के चिल्लाने की बात सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों को बच्चा चोरी का शक हुआ। इसी शक में महिलाओं को पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि महिलाओं के साथ आए दो अन्य लोग ऑटो से भाग गए। महिलाओं के साथ आए लोगों की पहचान और इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सरपंच की शिकायत पर पुलिस तक पहुंचा मामला
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि गांव के सरपंच ने महिलाओं के घरों में घुसकर पैसे मांगने की शिकायत की थी। इसके बाद महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। टीआई के मुताबिक, मामला बच्चा चोरी का नहीं है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को बुलाकर आगे की कार्रवाई के बारे में पूछा गया है। मामले में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। सोशल मीडिया पर इस घटना और मारपीट का पूरा वीडियो वायरल हो रहा है।
अलग-अलग जगह की रहने वाली बता रहीं महिलाएं
स्थानीय लोगों के मुताबिक पकड़ी गई महिलाएं अपने रहने की जगह अलग-अलग बता रही थीं। किसी ने अहिवारा तो किसी ने कुम्हारी और दूसरी जगहों का नाम बताया। हालांकि पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पकड़ी गई सभी महिलाएं दुर्ग के जेवरा-सिरसा इलाके की है। पुलिस ने उनके पते और पहचान को सत्यापित कर आगे की कार्रवाई कर रही है। बच्चा चोरी की बात से पुलिस ने किया इनकार
गांव वालों का दावा है कि ऑटो में आकर करीब 7 महिलाएं बच्चा चोरी करने की नीयत से गांव में पहुंचे थे। जिसमें दो महिलाएं भागने में कामयाब हो गई। पुलिस ने बच्चा चोरी के मामले में साफ इनकार किया है। पुलिस के अनुसार ये महिलाएं घर-घर जाकर पैसा मांगने का कार्य कर रही थी। घर में घुस जाने को लेकर गांव वालों से विवाद की स्थिति बनी थी। इसको लेकर गांव वालों से विवाद हुआ और कुछ लोगों ने महिलाओं की पिटाई की है। महिलाओं को थाने में लाकर बैठाया गया है। वहीं शिकायतकर्ताओं को थाने बुलाया गया है। शिकायत मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।