समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ हकेवि में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू:अधिकारियों-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने ली शपथ, हफ्तेभर आयोजित होंगे कार्यक्रम
महेंद्रगढ़ में स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वंदेमातरम् सभागार में समकुलपति प्रो. पवन शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सतर्कता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सतर्कता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव, शोध अधिष्ठाता प्रो. नीलम सांगवान भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम में ईमानदारी और पारदर्शिता की शपथ दिलाई विश्वविद्यालय के सतर्कता प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. पवन शर्मा ने विभिन्न दृष्टांतों के माध्यम से सतर्कता के उच्च आदर्शों के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नैतिकता, पारदर्शिता और ईमानदारी का पालन करना आवश्यक है। सतर्कता केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता और संस्थागत कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक व्यवहार एवं कार्यों में इन मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. आनंद शर्मा ने तथा संचालन डॉ. नीरज कर्ण सिंह ने किया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत पदयात्रा निकाली शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर सतर्कता, नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता और भ्रष्टाचार उन्मूलन का संदेश दिया। पदयात्रा अकादमिक ब्लॉक-4 पर जाकर संपन्न हुई। विश्वविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आगामी एक सप्ताह तक सतर्कता, नैतिकता, पारदर्शिता और ईमानदारी से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जिम्मेदार एवं नैतिक कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करना है।