Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किसान बनकर पहुंचे तहसीलदार को वापस लौटाया, खाद दुकान सील:मुरैना में 3 दिन से बंद थी, ई-टोकनधारी किसानों को लौटाया लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

INT News1 August 2026 at 04:58 pm

मुरैना जिले की अंबाह तहसील में खाद वितरण में अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार नरेश शर्मा शनिवार को किसान बनकर एक निजी खाद दुकान पर पहुंचे। यहां उन्हें खाद नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया गया, जबकि जांच में दुकान के अंदर पर्याप्त मात्रा में डीएपी समेत अन्य उर्वरक का स्टॉक मिला। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को तत्काल सील कर दिया। कलेक्टर ने समय पर खाद देने के दिए थे निर्देश

कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने सभी निजी खाद विक्रेताओं को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अंबाह थाना परिसर में सुबह 8 बजे से तहसीलदार की मौजूदगी में मार्कफेड के माध्यम से नियमित खाद वितरण किया जा रहा है। किसान ने तहसीलदार से को शिकायत

शनिवार को ड्यूटी के दौरान किसान मकरंद शर्मा ने तहसीलदार से शिकायत की कि उनकी पत्नी के नाम ई-टोकन जारी होने के बावजूद नीरज उपाध्याय खाद-बीज भंडार से खाद नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दुकान पिछले तीन दिनों से बंद है और किसानों को लगातार लौटाया जा रहा है। शिकायत की पुष्टि करने के लिए तहसीलदार नरेश शर्मा स्वयं किसान बनकर संबंधित खाद दुकान पहुंचे। उस समय दुकान बंद मिली। दुकान खुलवाने के बाद जब खाद मांगा गया तो संचालक ने स्टॉक नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया। जांच में मिला भरपूर स्टॉक

इसके बाद तहसीलदार ने एसएडीओ महेश किरार, राजस्व विभाग के पटवारी और अंबाह थाना पुलिस के साथ दुकान का निरीक्षण कराया। जांच में दुकान के अंदर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और अन्य खाद उपलब्ध मिला। दुकान सील, लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

तहसीलदार नरेश शर्मा के अनुसार खाद विक्रेता द्वारा दुकान बंद रखने, ई-टोकन वाले किसानों को खाद नहीं देने और वितरण में अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने दुकान को तत्काल सील कर दिया। दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर मुरैना को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। किसानों के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

तहसीलदार नरेश शर्मा ने किसानों की शिकायतों के लिए अपना मोबाइल नंबर 9174952120 जारी किया है। किसान खाद की अधिक कीमत वसूले जाने, खाद नहीं मिलने या दुकान बंद रहने जैसी शिकायतें इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।